सोमवार, 18 अगस्त 2025

कॉन्ट्रैक्ट टीचर (कहानी) ©डॉ. चंद्रकांत तिवारी - उत्तराखंड प्रांत

 कॉन्ट्रैक्ट टीचर (कहानी)

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी - उत्तराखंड प्रांत 

बरसात के बाद का पहाड़ी इलाका हमेशा एक नई किताब की तरह खुलता है। धुले हुए आकाश में पहाड़ों की चोटियाँ साफ झलकती हैं, कहीं-कहीं बादल ऐसे टिके रहते हैं जैसे पहाड़ पर सफेद ओढ़नी डाल दी हो। गाँव की पगडंडियों पर छोटे-छोटे पोखर बन गए हैं जिनमें बच्चे छपाछप करते हुए कागज़ की नाव तैरा रहे हैं। झरनों की ध्वनि दूर से किसी अनसुनी बांसुरी जैसी लगती है। खेतों के किनारे बैठे बगुले, तालाब में तैरती मछलियाँ और गाँव के मंदिर से आती भजन की हल्की गूँज मिलकर एक विचित्र सांगीतिक दृश्य रचते हैं।

दोपहर के समय स्कूल के आँगन से मिड-डे मील की खुशबू उड़ रही है। कहीं दाल का उबाल, कहीं खिचड़ी की सोंधी गंध, और बच्चों के कानों में टीचर की आवाज़ के साथ-साथ थाली-गिलास की खनक भी घुली हुई है। यह पहाड़ है—जहाँ जीवन कठिन है पर रंगों से भरा हुआ भी।

इसी जीवन के केंद्र में है नितांत काम चलाऊ शिक्षक—कभी कॉन्ट्रैक्ट टीचर, कभी अतिथि शिक्षक, कभी संविदा शिक्षक कहलाने वाला वह पात्र, जो पूरे तंत्र की आत्मा भी है और उसकी सबसे कमजोर कड़ी भी।

बरसाती दोपहर में भीगी हुई पगडंडी से मास्टर जगत सिंह आ रहे थे। उनकी छतरी टेढ़ी थी—मानो व्यवस्था की रीढ़ की तरह झुकी हुई। जूतों पर चिपका कीचड़ किसी सरकारी फाइल की धूल जैसा था—जो न धुलता है, न हटता है।

आँगन में पहुँचते ही बच्चे एक स्वर में बोले—

“गुड मॉर्निंग सर!”

जगत सिंह मुस्कराए—

“गुड मॉर्निंग… और गुड लक भी, क्योंकि आज बिजली नहीं है, तो टेस्ट हाथ से लिखवाना पड़ेगा। यह भी एक तरह का प्रायोगिक पाठ है—कि अंधेरे में भी लिखना सीखो।”

पास ही रसोई से खिचड़ी की खुशबू उठ रही थी। मिड-डे मील बाँटती रसोइया बोली—

“मास्साब, आज ज़रा जल्दी करा दीजिए, बरसात में बच्चे भूखे जल्दी हो जाते हैं।”

जगत सिंह ने हल्की हँसी में गहरी व्यथा छिपाते हुए कहा—

“भूख तो हमें भी जल्दी लग जाती है बहन जी… फर्क बस इतना है कि आपकी खिचड़ी वक्त पर पक जाती है, पर हमारी तनख्वाह हमेशा अधपकी रह जाती है।”

बच्चों की खिलखिलाहट, रसोइया की व्यस्तता और मास्टर की ठिठोली—तीनों मिलकर उस शिक्षा-तंत्र की सजीव तस्वीर रच रहे थे, जहाँ व्यंग्य ही अब जीवन की सबसे सच्ची भाषा बन चुकी है।

कक्षा में बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते वे खुद से बुदबुदा रहे थे—“इतनी बारिश में अगर सड़क बह जाए, तो अगली तनख्वाह भी किसी झरने में गुम हो जाएगी।”

बच्चे हँस पड़े। वे समझ नहीं पाए कि यह मज़ाक था या कटाक्ष।

पहाड़ी कस्बे के एक महाविद्यालय में कॉन्ट्रैक्ट लेक्चरर सुधा मैम किताबों का पुलिंदा सँभालती हुई क्लास में दाखिल हुईं। विषय था— हिंदी साहित्य में व्यंग्य परंपरा। उन्होंने मुस्कराकर शुरुआत की—

“हर व्यंग्य किसी न किसी सच्चाई की छाती पर रखा हुआ आईना है।”

कक्षा में बैठे छात्र खिलखिलाकर हँस पड़े।

एक छात्र ने शरारत से पूछा—

“मैम, तो क्या आपका जीवन भी व्यंग्य है?”

सुधा ने क्षणभर रुककर देखा, फिर धीमे स्वर में मुस्कराईं—

“नहीं, मेरा जीवन उस व्यंग्य का फुटनोट है, जिसे सरकार ने लिखा है। असली व्यंग्य तो यही है कि जिस समाज को हम आईना दिखाते हैं, वही समाज हमें धुँधला काँच समझकर किनारे रख देता है।”

कक्षा में एक अजीब-सी चुप्पी उतर आई।

स्टाफरूम में लौटकर, चाय की भाप और पुरानी अलमारी की गंध के बीच, सुधा मैम ने अपने सहकर्मियों से कहा—

“जब तक रिज़ल्ट बनाना है, टाइम-टेबल सँभालना है, या विश्वविद्यालय का निरीक्षण पास कराना है—तब हम स्थायी जैसे हैं। लेकिन जब तनख्वाह बढ़ाने या हक की बात करनी हो, तब हम अचानक अस्थायी हो जाते हैं। यह भी एक किस्म का साहित्य है—नौकरी का निराला छंद। जिसमें तुक मिलती है, पर अर्थ बार-बार टूटा हुआ लगता है।”

स्टाफरूम ठहाकों से गूँज उठा। पर वह हँसी भीतर ही भीतर खुरदरे पत्थरों से टकराकर लौट आई—जैसे बरसात की नमी में भी न सूखने वाला दीवार का सीलन।

यहाँ धर्मेंद्र यादव नाम के नितांत काम चलाऊ प्राध्यापक इतिहास पढ़ा रहे थे।

वह बड़े आत्मविश्वास से कह रहे थे—

“इतिहास हमें सिखाता है कि साम्राज्य स्थायी नहीं होते। मौर्य गए, गुप्त गए, मुगल गए, अंग्रेज भी गए…”

इतना कहते ही पीछे से एक छात्र मुस्कराते हुए बोला—

“सर, अगर साम्राज्य स्थायी नहीं होते, तो फिर आपकी नौकरी क्यों स्थायी नहीं हो पाती?”

कक्षा ठहाकों से गूँज उठी।

धर्मेंद्र जी ने क्षणभर के लिए चुप्पी साधी, फिर हल्की मुस्कान के साथ बोले—

“बेटा, सही कहा। इतिहास हमें यह भी सिखाता है कि कुछ साम्राज्य तो ढह जाते हैं, और कुछ राजाओं की तरह हम भी हर साल नवीनीकरण की याचना लेकर दरबार में खड़े रहते हैं। फर्क बस इतना है कि साम्राज्य किताबों में अमर हो जाते हैं, और हम आवेदन पत्रों में अस्थायी बने रहते हैं।”

लेकिन विश्वविद्यालय की कहानी यहीं खत्म नहीं होती।

कभी-कभी अचानक आदेश आता है—

“अब स्थायी नियुक्ति हो गई है, नितांत काम चलाऊ शिक्षकों को कार्यमुक्त किया जाए।”

बस यह एक वाक्य, और मानो पूरा पहाड़ ढह पड़ता है उस शिक्षक पर।

जैसे पुराना किला, वर्षों तक अपनी ईंटों में इतिहास सँभाले खड़ा रहता है, और एक दिन बुलडोज़र की गड़गड़ाहट में मलबे में बदल जाता है।

जिस ब्लैकबोर्ड पर उसने सपनों की आकृतियाँ बनाईं, जिस कक्षा में उसने अपने ही बचपन की गूंज सुनी, वहाँ अचानक वह अजनबी घोषित कर दिया जाता है।

उस दिन उसकी चाल में अजीब-सी सुस्ती होती है। किताबें बाँधते हुए उसकी उंगलियाँ काँपती हैं, जैसे कोई माँ परदेश जाते बेटे का सामान बाँध रही हो। छात्र दौड़कर कहते हैं—“सर, आप हमें छोड़कर जा रहे हैं?”

वह मुस्कराकर उत्तर देता है—“नहीं बेटा, मैं तो यहीं हूँ… तुम्हारी आँखों की चमक और यादों में।”

लेकिन भीतर ही भीतर वह जानता है कि यह आखिरी क्लास उसके जीवन की सबसे कठिन परीक्षा है—जहाँ प्रश्न सिर्फ एक है, और उत्तर हर हाल में मौन है।

फिर परमानेंट शिक्षक आता है, और उसी कुर्सी पर बैठ जाता है। चाय की महक वही रहती है, ब्लैकबोर्ड पर वही खड़िया चलती है, पर नितांत काम चलाऊ शिक्षक के लिए यह सब उस घर जैसा है जहाँ दीपक जलाने वाला व्यक्ति ही बाहर कर दिया गया हो।

मन में यही टीस उठती है—“मैंने अपने जीवन के सबसे उजले साल यहाँ जलाकर रख दिए, और बदले में मेरी जगह सिर्फ एक आदेश-पत्र ने ले ली।”

उसकी संवेदना किसी उखड़े हुए पौधे जैसी होती है, जिसे जड़ों समेत बाहर निकालकर सड़क किनारे रख दिया गया हो। वह पौधा जानता है—उसके पत्ते कुछ दिन और हरे रहेंगे, पर मिट्टी की गंध और पानी का स्पर्श उसके लिए अब बीते हुए कल की स्मृति बन चुका है।

गाँव, कस्बा और विश्वविद्यालय—तीनों जगह तस्वीर मानो एक-सी खिंची हो। नदी, तालाब और झरनों की तरह ही यह शिक्षा-तंत्र भी बहता है, पर हर मोड़ पर कोई न कोई बाँध खड़ा कर दिया गया है। कहीं बजट का बाँध, कहीं नीति का, कहीं भर्ती की अधिसूचना का। सरकार इन नितांत काम चलाऊ शिक्षकों के लिए नित नए नाम गढ़ती रहती है—अतिथि, संविदा, शिक्षा मित्र, शिक्षा बंधु। जैसे जादूगर अपनी टोपी से हर बार नया खरगोश निकालकर दिखाता है, वैसे ही नाम बदलते हैं, पर हालात की जादुई थाली खाली की खाली रहती है।

पूरा तंत्र ही “काम चलाऊ” है। यह वैसा है जैसे टूटी हुई छतरी, जो बरसात में कुछ बूंदें रोककर मन को दिलासा देती है, पर भीतर का कपड़ा पहले से ही टपक रहा होता है। ये शिक्षक उस छतरी जैसे हैं—झड़ी के बीच बच्चों को भिगोने से बचाए रखते हैं। पर जैसे ही सूरज निकलता है और मौसम साफ होता है, वही छतरी बेदर्दी से कोने में फेंक दी जाती है। यह व्यवस्था मानो मिट्टी का दिया है—अंधेरे में रोशनी के लिए जलाया जाता है, पर भोर होते ही बुझाकर फेंक दिया जाता है।

उसने झरने की ओर देखा—झरना निरंतर बह रहा था, बिना थके, बिना रुके। उसकी छलकती धारा में उसे अपना ही जीवन दिखाई दिया। कभी उसे शिक्षा मित्र कहा गया, कभी शिक्षक बंधु, कभी अतिथि, कभी संविदा, कभी नितांत काम चलाऊ और कभी महज़ ठेके पर रखा गया प्राणी। नाम बदलते रहे, पर धारा कभी नहीं थमी। वह सोचने लगा—झरने की यही सबसे बड़ी ताक़त है कि वह चट्टानों से टकराकर भी गीत गाता है, पत्तों पर गिरकर भी संगीत रचता है और घाटियों में उतरकर भी जीवन बाँटता है। उसका अस्तित्व किसी स्थायी पद की मोहर से नहीं, बल्कि उस धारा से है, जो बच्चों की आँखों की चमक, उनके भविष्य की प्यास और उनके सपनों की मिट्टी को सींचती रहती है। शायद यही उसकी नियति है—नदी की तरह बहना, बादल की तरह बरसना और दीपक की तरह जलना, चाहे कोई उसका नाम याद रखे या न रखे।

यही धारा धर्मेंद्र यादव जी में दिखती है, जो इतिहास पढ़ाते हुए हर साल खुद अपने ही अनुबंध का इतिहास लिखते हैं; सुधा मैम में, जो व्यंग्य पढ़ाते हुए जानती हैं कि असली व्यंग्य तो उनकी तनख़्वाह है; और जगत सिंह में, जो बच्चों की भूख के बीच अपनी जेब की ख़ाली थाली देखकर भी मुस्कराते हैं। ये अलग-अलग चेहरे दरअसल उसी शिक्षा-तंत्र की सामूहिक गूँज हैं—जहाँ अध्यापक किसी पाठ्यपुस्तक की तरह हैं, जिन्हें साल-दर-साल पलटा जाता है, रटा जाता है और फिर नया संस्करण आने पर फेंक दिया जाता है। असल में, यह पूरा तंत्र ही “नितांत काम चलाऊ” है—क्योंकि शिक्षक अब भी झरनों की तरह बह रहे हैं, पर व्यवस्था पोखर की तरह सड़ चुकी है।

रविवार, 17 अगस्त 2025

चाय की चुस्की - (कहानी) ©डॉ. चंद्रकांत तिवारी - उत्तराखंड प्रांत

 चाय की चुस्की - (कहानी)

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी - उत्तराखंड प्रांत 

सुबह का वक्त था। पहाड़ों पर हल्की-हल्की धुंध ऐसे पसरी थी मानो किसी ऋषि ने अपने जटाजूट से सफेद रेशमी बादल झटक दिए हों। घाटी में उतरते बादल इस अंदाज़ से लहराते थे जैसे कोई बरात ढोल-दमामे के संग चढ़ाई-उतराई कर रही हो। चीड़ और देवदार की ऊँची-ऊँची कतारें ओस से नहाई दुल्हनों-सी खड़ी थीं, और उनकी शाखों पर बैठी चिड़ियाँ सामूहिक रागिनी गा रही थीं। कहीं दूर से ग्वाले की बांसुरी की धीमी तान सुनाई देती थी, मानो किसी लोकगीत की आत्मा हवा में तैर रही हो।

ढलानों पर चरती बकरियों की टनटनाहट उस प्राकृतिक संगीत में ताल भर रही थी। खेतों की मेड़ों पर झुकी औरतें कंधे पर घास और लकड़ी के गट्ठर रखे घरों की ओर तेज़ कदमों से बढ़ रही थीं। गली-कूचों में भोर की ठंडी धूप ऐसे उतर रही थी जैसे किसी चित्रकार ने सुनहरी रंगों से कैनवास भर दिया हो। पास की नदी कल-कल करती हुई मानो सारा राज़ सुना देना चाहती थी कि प्रकृति ही असली कवयित्री है।

सड़क किनारे, इसी रमणीय दृश्य के बीच, लकड़ी और टीन की टपकती छत से बनी एक पुरानी सी दुकान थी, जिसे गाँव भर में मज़ाक-मजाक में “लोकसभा टी स्टॉल” कहा जाता था। दुकान का मालिक था मंगू, या सबकी जुबान पर ‘मंगूदा’ — जिसकी चाय की खुशबू इतनी दूर तक जाती कि राहगीर भी प्यासे-से ठिठक जाते।

आज भी सुबह-सुबह दुकान पर वही बौद्धिक दरबार सजने लगा। सबसे पहले पधारे ग्राम प्रधान जी। खादी का कुर्ता, पैरों में घिसी-सी सैंडल, आँखों में सदा रहने वाली आधी-सी मुस्कान और जेब में गुटखे का पाउच—यह उनकी पहचान थी। दुकान में घुसते ही उन्होंने अपनी ऐनक को नाक पर चढ़ाया और ऊँची आवाज़ में बोले—

“अरे मंगू! ज़रा जल्दी से चाय बना। आज तो बड़ा दिन है। अभी-अभी मुख्यालय से फोन आया है। हमारी पंचायत को पचास लाख की योजना मिली है। अब देखना, गाँव की तस्वीर बदल जाएगी।”

कोने में बैठा राम सिंह धामी, जो रोज मज़दूरी करता था और जिसके हाथों की दरारों में मेहनत का इतिहास लिखा हुआ था, मुस्कराकर बोला—

“हाँ प्रधान जी, पिछली बार भी तस्वीर बदली थी। फर्क इतना ही था कि फोटो अखबार में आपका था और पैसा ठेकेदार का।”

इतना कहते ही दुकान का माहौल गूँज उठा। हँसी के ठहाके ऐसे फूटे मानो किसी ने लंबे सूखे के बाद अचानक बाँध का दरवाज़ा खोल दिया हो। मंगूदा भी चाय छानते-छानते हँस पड़ा और बोला—

“सच कह रहा है धामी। पिछली बार तो पंचायत भवन की छत बनाने का ठेका था, छत बनी नहीं, लेकिन प्रधान जी की नई जीप गाँव में जरूर आ गई।”

प्रधान जी ने मुस्कान तो बनाए रखी, लेकिन गुटखे का पाउच जल्दी से मुँह में खिसका लिया, ताकि बोलने की बजाय चबाने का बहाना मिल सके। उनकी आँखों में क्षणभर को जो खीज चमकी, वह भी चाय की भाप में खो गई।

उधर से धीमी चाल में सेवानिवृत्त प्रिंसिपल साहब भी आ पहुँचे। रिटायरमेंट के बाद से यही उनकी स्थायी यूनिवर्सिटी थी—बिना हाजिरी, बिना टाइम-टेबल और बिना परिणाम की। आते ही उन्होंने अपनी खाँसती हुई आवाज़ को सँभालते हुए लंबी साँस भरी और बोले—

“आजकल के युवाओं का तो कोई भविष्य ही नहीं रहा। पढ़ाई-लिखाई का कोई महत्व ही नहीं बचा। जब मैं पढ़ाता था, तब बच्चे शेर बनकर निकलते थे।”

यह सुनकर सामने बैठे छोटू मास्टर ने, जो खुद अस्थायी नियुक्ति पर पिछले दस साल से गाँव की प्राथमिक पाठशाला में टिका था, हल्की मुस्कान के साथ जवाब जड़ा—

“प्रिंसिपल साहब, जब आप बच्चों को शेर बना रहे थे, उसी समय हमारे गाँव के आधे युवा दिल्ली के कॉल सेंटरों में टेलीफोन पर भौंकने लग गए, और बाकी शहरों में रिक्शा खींचने लगे। अब जरा बताइए, ये शेर किस चिड़ियाघर में रखे गए हैं?”

दुकान में ऐसा ठहाका फूटा कि मंगूदा की चाय छलककर चूल्हे पर टपक पड़ी और खटर-खटर की आवाज़ करने लगी। बगल में बैठे दूध सप्लाई करने वाले नंदू ने ठहाका मारते हुए कहा—

“अरे मास्टरजी, सही कहा आपने! अब तो हालत ये है कि जिनके दाँत में कीड़ा लगा है, वो भी खुद को शेर समझते हैं। शेर वाली दहाड़ तो दूर, गाँव का कुत्ता भी उनके आगे भौंक जाए तो ये भाग खड़े होते हैं।”

प्रिंसिपल साहब ने खाँसी का पुराना बहाना अपनाया। गले पर हाथ रखते हुए धीरे से बोले—

“हाँ-हाँ, मौसम ही ऐसा है… गले में खराश रहती है।”

मगर सब समझ रहे थे कि खराश गले में नहीं, बल्कि आत्मसम्मान में हो रही है।

तभी अचानक धूल उड़ाती एक जीप दुकान के सामने आकर अटक गई। इतनी तेज़ ब्रेक मारी कि पास खड़ा बकरा भी डर के मारे मिमियाने लगा। गाड़ी से नेता जी उतरे—सिर पर चमचमाता हुआ सफेद नेहरू टोप, आँखों पर काला चश्मा और हाथ में हवा में लहराता रुमाल, मानो चुनावी सभा के मंच पर ही खड़े हों। पीछे-पीछे उनका वफ़ादार चमचा कल्लू भाई ऐसे भागता आया जैसे खुद गाड़ी को धक्का देकर लाया हो।

नेता जी ने आते ही सीना फुलाकर दुकान को मंच मान लिया और गूँजती आवाज़ में बोले—

“दोस्तों! इस बार हमारी पार्टी सत्ता में आई, तो हम इस पहाड़ को स्विट्ज़रलैंड बना देंगे। बर्फ़, फूल और पर्यटक—सब यहाँ उमड़ पड़ेंगे। तब तुम सबको नौकरी के लिए दिल्ली भागने की ज़रूरत नहीं रहेगी।”

इतना सुनते ही कल्लू भाई ताली बजाकर चिल्लाए—

“वाह नेताजी, ज़िंदाबाद! आप तो हिमालय से भी ऊँचे हैं।”

कोने में बैठे राम सिंह धामी ने अपनी फटी हुई बनियान को खींचते हुए ठंडी हँसी में कहा—

“नेताजी, पहले हमारी टूटी सड़क बनवा दो। स्विट्ज़रलैंड तो बाद में भी बन जाएगा। रोज़ हम खच्चरों की तरह गड्ढों में उछल-उछल कर बाज़ार जाते हैं। कभी हमारे हड्डी-पसली भी सलामत रखवा दो।”

नेता जी ने तुरंत गंभीर मुद्रा ओढ़ ली, मानो वे पहाड़ पर नहीं, संसद में बैठे हों। भारी आवाज़ में बोले—

“रामदा, तुम्हें दूरदृष्टि रखनी चाहिए। सड़क जैसी मामूली बातों में मत उलझो। नेता वही है जो बड़े सपने दिखाए। सड़क तो कल भी बन सकती है, पर स्विट्ज़रलैंड बनने का सपना आज से देखना चाहिए।”

यह सुनते ही दुकान पर बैठे सबने एक-दूसरे को देखा और हँसी रोकते-रोकते पेट में बल पड़ गए।

उसी वक्त घास की भारी-भरकम गाठें सिर पर ढोती हुई कुछ औरतें दुकान के पास से गुज़रीं। उनमें से एक ने ठिठोली करते हुए कहा—

“अरे देखो तो, सारे बड़े मर्द यहीं बैठे हैं। चाय पी-पीकर देश बचाने का ठेका इन्हीं के पास है। अगर घर की आधी चिंता भी कर लें तो ये पहाड़ सचमुच स्वर्ग बन जाए।”

औरत की बात सुनकर पूरा दरबार खिलखिलाकर हँस पड़ा। मंगूदा चायवाले ने भी गिलास धोते-धोते चुटकी ली—

“बात तो पक्की है। नेताजी हों या प्रधान जी—सब मुफ्त की चाय और बड़ी-बड़ी बातें करने यहाँ आते हैं। अगर मैंने सचमुच पैसे वसूलने शुरू कर दिए, तो तुम्हारा स्विट्ज़रलैंड यहीं चाय की केतली में डूब जाएगा।”

यह सुनते ही नेताजी के चश्मे के पीछे से पसीना छलक पड़ा। कल्लू भाई ने जल्दी से ताली बजाकर माहौल सँभालने की कोशिश की—

“वाह मंगू भाई! आपकी चाय ही तो इस गाँव की असली संसद है।”

इतने में बबलू दाज्यू पत्रकार अपनी फटी डायरी और कैमरे के उस प्राचीन ढांचे के साथ दुकान पर आ धमके, जो देखने में कैमरा कम और ढोलक का बक्सा ज़्यादा लगता था। आते ही सांस सँभालते हुए घोषणा की—

“दोस्तों! कल अख़बार में छपा है कि सरकार हमारे गाँव को मॉडल गाँव बनाने जा रही है।”

बात इतनी ही थी, पर उसका असर बारूद की चिंगारी जैसा हुआ। रामदा ने हँसते-हँसते पेट पकड़ लिया और बोला—

“हाँ, मॉडल तो बन ही गया है। बस अब सिलाई मशीन और मेकअप किट आ जाएँ, तो गाँव की लड़कियाँ फैशन वीक में भाग ले लें।”

भीड़ एक बार फिर ठहाकों से गूंज उठी। बबलू दाज्यू का चेहरा लाल पड़ गया। दरअसल, अभी कल ही तो उसने नेताजी से चुनावी विज्ञापन छापने के नाम पर दो हज़ार ऐंठे थे। सो, उसके शब्द भी गले की हड्डी बनकर अटक गए। वह चुपचाप कोने में बैठ गया, जैसे अख़बार की स्याही भी उसकी जेब की तरह फीकी पड़ गई हो।

इसी बीच तहसीलदार का चपरासी पन्ना लाल दुकान में घुस आया। उसके कदमों में ऐसी अकड़ थी मानो खुद कलेक्टर साहब उसकी जेब में रखे हों। ऊँची आवाज़ में बोला—

“सुन लो सब! साहब कह रहे थे कि इस बार की योजना का पैसा ठीक से लगे, वरना ऊपर तक रिपोर्ट जाएगी।”

प्रधान जी ने पान की पीक थूकते हुए मुस्कुराकर जवाब दिया—

“अरे पन्ना लाल, तू चिंता न कर। तेरा हिस्सा तो पहले से ही बजट में फिक्स है। बस अंगूठा लगाने की मेहनत करनी पड़ेगी।”

भीड़ में हल्की फुसफुसाहट हुई और सब एक-दूसरे की ओर देख कर मुस्कुरा दिए। दुकान का वातावरण उस समय टेंडर मीटिंग की तरह लग रहा था—जहाँ कॉन्ट्रैक्ट से ज़्यादा कॉन्टैक्ट पर जोर दिया जाता है।

तभी दूर से गाय-भैंस चरा कर किशनुवा और उसका साथी आ पहुँचे। उनके चेहरे धूप में तपे हुए थे और माथे से पसीने की बूँदें टपक रही थीं। किशनुवा ने पास आते ही हँसकर कहा—

“अरे वाह, बड़ा दरबार सजा है। सब देश बदल रहे हैं चाय की प्याली में डूबकर। इधर हमारे जानवर पानी के बिना हाँफ रहे हैं।”

यह सुनकर प्रिंसिपल साहब, जिनकी उम्र अब अकादमिक उपदेशों में ही अटक चुकी थी, तुरंत बोले—

“बेटा, ये छोटी बातें हैं। तुम्हें देश की बड़ी नीतियाँ समझनी चाहिए। विकास योजनाएँ, पंचवर्षीय कार्यक्रम, मॉडल गाँव, डिजिटल इंडिया—यही असली मुद्दे हैं।”

किशनुवा ने व्यंग्य से हँसते हुए कहा—

“नीति से हमें भूसा मिलेगा कि पानी? हमारी भैंस तो रोज़ सूखी घास चबाकर गटक रही है। शायद डिजिटल इंडिया से मोबाइल चार्ज करके प्यास बुझा लेगी।”

यह सुनते ही दुकान में बैठे लोग हँसी से फट पड़े। हँसी में कड़वाहट भी थी और ताजगी भी।

नेता जी का चेहरा अचानक कसैला हो गया। चश्मे को ठीक करते हुए वे बोले—

“तुम ग्रामीण लोग कभी बड़े सपने नहीं देखते। यही कारण है कि पिछड़े रह जाते हो। बड़ा सोचो—पहाड़ को स्विट्ज़रलैंड बनाओ, पर्यटन लाओ, उद्योग लगाओ।”

किशनुवा ने आँखें तरेरकर सीधा जवाब दिया—

“सपना तो रोज़ देखता हूँ नेताजी। सपना ये कि आज मेरी भैंस पानी पी सके। पर वो सपना कभी पूरा नहीं होता। आप स्विट्ज़रलैंड का सपना दिखाते रहिए, मैं कल भी अपनी सूखी भैंस का सपना देखूँगा।”

पूरा दरबार सन्नाटे में डूब गया। उस क्षण पहाड़ी धूप की तपिश और भी चुभने लगी। मानो किशनुवा ने अनजाने ही इस व्यंग्य दरबार को आईना दिखा दिया हो—जहाँ सपनों की ऊँचाई और पेट की भूख हमेशा दो विपरीत दिशाओं में खड़ी रहती है।

अब तक बहस का तापमान जून की दोपहरी की तरह चढ़ चुका था।

प्रधान जी सरकारी योजनाओं का ऐसा बखान कर रहे थे मानो योजना आयोग उन्हीं की दुकान पर बैठा हो।

प्रिंसिपल साहब शिक्षा की दुहाई दे रहे थे, लेकिन उनकी बातें इतनी किताबनुमा थीं कि कोई सुनते-सुनते खुद को “एमए फेल” महसूस करने लगे।

नेता जी अब भी पहाड़ को स्विट्ज़रलैंड बनाने की शपथ ले रहे थे, और पत्रकार बबलू दाज्यू अपनी डायरी में वही पुराने शब्दों की मालाएँ गढ़ रहा था—“दूरदर्शी नेता, विकास के शिल्पी, जनता का मसीहा”।

दूसरी ओर, मजदूर-ग्वाले ताने पर ताने कस रहे थे। उनका हर वाक्य किसी अदृश्य हथौड़े की तरह इन तथाकथित बुद्धिजीवियों पर गिर रहा था।

माहौल ऐसा था जैसे लाइव टेलीकास्ट हो रहा हो—बस फर्क इतना कि यहाँ लाल बत्ती गाड़ी नहीं, बल्कि लाल पीक चमक रही थी।

दुकान सचमुच किसी संसद से कम नहीं लग रही थी—जहाँ सवाल तो गूँजते हैं, पर जवाब चाय की भाप में उड़ जाते हैं।

इसी उबाल के बीच अचानक मंगूदा ने ऊँची आवाज़ में पूछा—

“भाइयों! ज़रा ध्यान दो, चाय का हिसाब कौन देगा?”

सवाल साधारण था, पर असर असाधारण। जैसे ही यह वाक्य गूंजा, बहस की आग पलभर में राख हो गई। सब एक-दूसरे की तरफ ऐसे देखने लगे जैसे संसद में कटौती प्रस्ताव रख दिया गया हो।

नेता जी ने जेब में हाथ डाला, पर तभी फोन बजने का नाटक रचकर बाहर निकल गए। उनकी आवाज़ गली तक गूँजी—“हाँ जी, अभी मुख्यमंत्री जी से बात कर रहा हूँ…”

प्रिंसिपल साहब ने खाँसते हुए कहा—

“अरे भाई, मेरे पास छुट्टा नहीं है। कल लाइब्रेरी से किताब लौटाकर देता हूँ।”

पत्रकार ने तुरंत तिलमिलाकर ऐलान किया—

“मैं तो समाज की सेवा कर रहा हूँ। मुझसे चाय का पैसा माँगना पत्रकारिता की हत्या है। मैं तो रिपोर्ट में लिख दूँगा कि यह चाय जनकल्याणकारी थी।”

सन्नाटा फिर गाढ़ा हो गया। तभी रामदा धीरे से उठा, जैसे सदियों की थकान उसके कंधों पर रखी हो। बोला—

“ठीक है मंगूदा, आज भी मजदूर ही सबका बिल चुकाएगा। क्योंकि मजदूर ही असली देशभक्त है।

बाकी सब लोग तो चाय की चुस्की से क्रांति लाने निकले हैं।”

उसके शब्द सुनते ही माहौल ठहाके और खामोशी के बीच झूल गया। यह ठहाका मजाक का कम, आत्मग्लानि का ज़्यादा था।

बाहर सूरज ढल चुका था। पहाड़ की चोटियों पर लालिमा ऐसे बिखरी थी जैसे दिन ने भी बहस में अपना खून झोंक दिया हो।

औरतें अब भी ढलती रोशनी में घास काट रही थीं, बच्चे सड़क किनारे प्लास्टिक की गेंद से क्रिकेट खेल रहे थे, और चाय की दुकान पर बैठे तथाकथित विद्वान एक और चुस्की लेकर बहस की नई पारी में उतर रहे थे।

मानो यह देश आगे नहीं बढ़ रहा, बस चाय की प्यालियों में ही चक्कर काट रहा हो।


कहानी का अगला हिस्सा - भाग 2


दूसरी सुबह भी दुकान पर वही पुराना मंजर था। चाय की भाप उठते ही बहस का धुआँ भी उड़ने लगा। मंगू अब इस आदत का आदी हो चुका था। वह हँसकर कहता—

“भाइयों, संसद भवन दिल्ली में सिर्फ़ दिखावे के लिए है, असली कैबिनेट तो यहीं बैठती है। फर्क इतना है कि वहाँ भत्ते और वेतन मिलते हैं, और यहाँ उधार की चाय।”

सब हँसते, पर भीतर से जानते थे कि यह हँसी ही सबसे कड़वा सच है।

प्रधान जी फिर उसी पुरानी रिकॉर्डिंग पर आ गए—

“भाइयों, इस बार जो पचास लाख की योजना आई है न, उससे गाँव में सीमेंट की सड़क बनेगी, नाली बनेगी, और सामुदायिक भवन भी खड़ा होगा। अब देखना, गाँव किसी शहर से कम नहीं रहेगा।”

रामदा ने अपने पैरों की तरफ देखा, जिन पर अब भी पुराने फटे जूते थे, फिर हँसते हुए बोला—

“हाँ, पिछली बार भी नाली बनी थी, लेकिन उसमें पानी से ज्यादा बीयर और देशी शराब की बोतलें तैर रही थीं। सामुदायिक भवन की छत तो पहली बरसात में ऐसे उड़ गई थी जैसे सरकारी नौकरी का वादा उड़ जाता है। अब गाँव वाले कहते हैं कि भवन नहीं, भूत बंगला बना है—रात में गाय भी वहाँ से गुज़रने से डरती है।”

सुनते ही सब ठहाकों से लोटपोट हो गए।

प्रधान जी ने हँसी के पीछे गुस्सा दबा लिया और बोले—

“रामदा, तू मजदूर आदमी है, राजनीति की बड़ी-बड़ी बातें तुझे क्या समझ आएँगी? यह सब बड़े स्तर की योजनाएँ हैं, गाँव-देहात की सोच से ऊपर की।”

इतने में सामने से रघुवीर मिस्त्री आया। हाथ में औज़ार, चेहरे पर धूल और आँखों में नींद की जगह ईंटों का बोझ। बैठते ही बोला—

“भैया, एक चाय पिला दो। सुबह से ईंट ढो रहा हूँ। पर एक बात बताऊँ, इन योजनाओं का फायदा हमें मजदूरों को तो मिलता ही नहीं। ठेकेदार लोग आधा पैसा गाड़ी और बंगले में खा जाते हैं, और बाकी आधा सीमेंट-रेत में मिल जाता है। सड़क की मोटाई उतनी ही होती है जितनी मोबाइल में डेटा बैलेंस बचा हो।”

मंगू ने तुरंत जोड़ा—

“सही कहा! अब तो गड्ढे सड़क में कम, और सरकारी फाइलों में ज़्यादा मिलते हैं।”

पत्रकार बबलू दाज्यू, जो अब तक सब नोट कर रहे थे, मुस्कराते हुए बोले—

“अरे रघुवीर, यही तो लोकतंत्र की खूबसूरती है। एक तरफ ठेकेदारों की तिजोरी भरती है, दूसरी तरफ तुम्हारे औज़ार टूटते हैं। और इस बीच हम पत्रकार लोग हेडलाइन बनाते हैं—

‘गाँव विकास की राह पर अग्रसर’।”

सुनते ही रामदा फिर हँस पड़ा—

“हाँ दाज्यू, और अगली हेडलाइन यह भी लिख देना—

‘गाँव वालों की जेब खाली, पर भाषण भारी।’”

अबकी बार हँसी में तल्ख़ी भी थी।

बाहर धूप तेज़ हो चुकी थी, पर भीतर बहस की तपिश और ज्यादा थी। चाय की दुकान अब सिर्फ़ दुकान नहीं, एक लाइव न्यूज़ चैनल थी—जहाँ हर कोई एंकर भी था, पैनलिस्ट भी और दर्शक भी।

प्रिंसिपल साहब ने अपनी ऐनक को थोड़ा और नाक पर चढ़ाते हुए विद्वतापूर्ण लहज़े में कहा –

“रघुवीर, यह सब समाज की विसंगतियाँ हैं। जब तक शिक्षा का प्रकाश नहीं फैलेगा, तब तक अंधकार रहेगा। देखना, जिस दिन गाँव का हर बच्चा पढ़-लिख जाएगा, उसी दिन भ्रष्टाचार अपने आप ताश के पत्तों की तरह ढह जाएगा।”

रघुवीर ने हथौड़ा जमीन पर पटका और मुस्कुराते हुए बोला –

“प्रिंसिपल साहब, आपके ज़माने में तो आधा गाँव हाई स्कूल तक पहुँच ही नहीं पाया। अब आप शिक्षा का मशाल उठा रहे हैं! वैसे एक बात बताइए, बच्चों को अभी भूख मिटाने के लिए रोज़गार चाहिए या पेट में दर्शन-शास्त्र की थ्योरी? क्योंकि खाली पेट गांधीगीरी नहीं, रोटीगिरी चाहिए।”

यह सुनते ही दुकान में ठहाकों की सुनामी उठ गई। प्रिंसिपल साहब ने खिसियाकर चाय की प्याली उठाई, एक लंबी चुस्की ली, और अखबार की तरह तह होकर चुप्पी साध ली।

इसी बीच नेता जी, जो पिछले आधे घंटे से मोबाइल पर किसी “बड़े साहब” से ऊँची-ऊँची आवाज़ में बात कर रहे थे, अचानक कॉल काटकर मंचनुमा अंदाज़ में खड़े हो गए। दोनों हाथ हवा में लहराते हुए बोले –

“भाइयों! अभी-अभी मेरी सीधी बात बड़े साहब से हुई है। बहुत जल्द इस पहाड़ पर एक बड़ी परियोजना शुरू होने वाली है। हजारों नौजवानों को रोज़गार मिलेगा। अब गाँव में बेरोजगारी का नामोनिशान मिट जाएगा। आने वाले समय में यह गाँव ‘मिनी दुबई’ कहलाएगा।”

सुनते ही बबलू दाज्यू, जो हर मौके पर “लाइव टेलीग्राफ़” बन जाते थे, तुरंत अपनी पुरानी डायरी में लिखने लगे –

“नेता जी ने किया बड़ा ऐलान।”

कल के अख़बार की हेडिंग उसी वक्त तैयार हो गई।

रामदा ने खैनी मलते हुए ताना मारा –

“नेता जी, पिछली बार भी आपने कहा था कि हमारे पहाड़ पर एयरपोर्ट बनेगा। नतीजा? बस खेतों में सर्वे के खंभे गड़े और फिर गाय-बकरियों ने उन्हें तोड़ डाला, लोगों ने लकड़ी की तरह जला डाला। गाँव वाले अब कहते हैं—‘नेता जी के वादे खंभों जैसे हैं, खड़े भी नहीं रहते और टिकते भी नहीं।’”

भीड़ ठहाकों से गूँज उठी। मंगू ने भी चुटकी लेते हुए जोड़ा -  

“नेता जी, अगली बार जब भी योजना का ऐलान करें न, तो एक रिटर्न पॉलिसी भी जोड़ दें—अगर काम न हो तो वादा वापस।”

रघुवीर ने हँसते हुए तंज कसा –

“हाँ, बिल्कुल, जैसे मोबाइल में कैशबैक ऑफ़र आता है। यहाँ भी होना चाहिए—‘परियोजना असफल तो जनता को कैशबैक।’”

दुकान में बैठे लोग पेट पकड़कर हँसने लगे, और नेता जी का चेहरा वैसे ही उतर गया जैसे बिना नेटवर्क का मोबाइल।

किशनुवा ने ज़ोर का ठहाका लगाया –

“हाँ रे भाई, नेताजी तो कहते थे कि हमारी बकरियाँ स्विस गाय बन जाएँगी, और दूध सीधा पैकेजिंग प्लांट से निकलेगा। लेकिन हकीकत ये है कि मैं आज भी नौले से पानी भरकर ला रहा हूँ। फर्क बस इतना हुआ है कि पहले तांँबे की गगरी लाता था, अब प्लास्टिक की बोतल और डब्बे भर रहा हूँ।”

दुकान ठहाकों से गूँज उठी।

इतनी देर में घड़े रखे कुछ और औरतें भी आ बैठीं। उनमें से एक ने सिर पर दुपट्टा ठीक करते हुए तंज कसा –

“हमारे मर्द तो बस देश-समाज सुधारने में लगे रहते हैं। सुबह से शाम तक चाय की चुस्की, फेसबुकिया चर्चा और व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी से डिग्री। लेकिन घर का राशन कौन लाएगा, ये सवाल कभी किसी बहस का हिस्सा नहीं होता।”

मंगूदा ने हँसते-हँसते कहा –

“आमा, घर का राशन छोड़ो, ये तो मेरी दुकान का हिसाब भी नहीं देते। बस उधारी की डायरी देखकर ऐसे हँसते हैं जैसे संसद में मुफ़्त का वाई-फाई मिल गया हो।”

सभी जोर से हँसने लगे, लेकिन नेताजी और प्रिंसिपल का चेहरा वैसा ही उतर गया जैसे नेटवर्क बीच कॉल में कट जाए।

तभी पन्ना लाल चपरासी, जो हमेशा ‘अंदर की ख़बर’ रखने का दावा करता था, आगे झुककर बोला –

“साहब कह रहे थे कि इस बार रिपोर्ट बहुत सख़्त जाएगी। ऊपर तक सबकी निगरानी हो रही है। कोई बच नहीं पाएगा।”

रामदा ने बीड़ी सुलगाते हुए तुरंत तीर छोड़ा –

“हाँ-हाँ, निगरानी तो होती है, लेकिन सिर्फ़ चाय पीने की। बाकी पैसा तो सीधा ऊपर चला जाता है। ये निगरानी का कैमरा भी नेताजी की जेब में फिट है। तस्वीर जनता की खींची जाती है, लेकिन फोटो गैलरी में सेव सिर्फ़ ‘ऊपरवालों’ की मुस्कान होती है।”

भीड़ खिलखिला पड़ी।

रघुवीर ने और जोड़ दिया –

“अरे, ये निगरानी सिस्टम भी क्या कमाल का है! CCTV कैमरे सड़क पर लगे हैं, लेकिन रिकॉर्डिंग प्राइवेट पार्टी के घर की चल रही है। गाँव वाले तो बस कैमरे के सामने हाथ हिलाते रह जाते हैं।

महिलाओं में से एक बोली –

“हमारे घर का गैस सिलेंडर तीन महीने से खाली है। लेकिन नेताजी कह रहे थे स्मार्ट गाँव बन जाएगा। अरे, पहले हमारे चूल्हे में आग तो स्मार्ट कर दो!”

इस पर मंगूदा ने आखिरी तंज कसा –

“भाई, स्मार्ट गाँव तो तभी बनेगा जब नेता जी का वादा रीचार्ज पैक की तरह हो—समय पूरा होने पर अपने आप बंद।”

दुकान पर बैठी भीड़ फिर से पेट पकड़कर हँसने लगी, और नेताजी का चेहरा बिल्कुल वैसा हो गया जैसे चुनाव में हारने के बाद वोटिंग मशीन की स्क्रीन।

किशनुवा बोला –

“हाँ, और जब तवा गरम होता है तो सब अपनी-अपनी रोटी सेंकने में लग जाते हैं। जनता चाहे जले या भूखी रह जाए, नेताजी की थाली में तो मलाई पराठा हमेशा पहुँच ही जाता है।”

मंगूदा चायवाले ने अपनी कड़छी झाड़ते हुए जोड़ा –

“मुझे तो लगता है कि ये चाय की दुकान ही असली संसद है। यहाँ सरकार हर रोज़ बनती है, गिरती है और मुफ्त में चलती है। फर्क बस इतना है कि यहाँ स्पीकर मैं हूँ और माइक के बिना भी सब चीखते रहते हैं।”

भीड़ में बैठे लोग ठहाका मारकर हँस पड़े।

थोड़ी देर में चर्चा राष्ट्रीय राजनीति पर घूम गई। नेता जी मंच जैसी मुद्रा में गला साफ़ करते हुए बोले –

“देश बदल रहा है भाइयों! अब विकास की आँधी आ चुकी है। निश्चिंत रहिए…!”

रामदा ने बीड़ी का धुआँ उड़ाते हुए काटा –

“हाँ, आँधी तो है, लेकिन उसमें सिर्फ गरीबों की झोपड़ी उड़ रही है। अमीरों के बंगले और फार्महाउस पर तो एक खरोंच भी नहीं आती। आँधी भी अब VIP पास देखकर चलती है।”

सभी हँसते-हँसते ताली पीटने लगे।

प्रिंसिपल साहब ने चश्मा ठीक करते हुए गंभीरता ओढ़ी –

“भाई, राजनीति तो चलती रहेगी। असली संकट है हमारी संस्कृति का। आज के बच्चे मोबाइल और रील्स में खोए रहते हैं। न लोकगीत जानते हैं, न लोककथाएँ और न ही लोक-संस्कृति। सब कुछ बर्बाद हो रहा है।”

किशनुवा ने मुस्कुराकर तीर मारा –

“प्रिंसिपल साहब, बच्चा मोबाइल में खोए तो आपको संस्कृति का संकट दिखता है। लेकिन जब बच्चा आपकी क्लास में सो जाता था तो आप कहते थे – ‘विद्यार्थी ध्यानमग्न है’। अब ध्यान ऑनलाइन बदल गया है तो आपको लगे कि संस्कृति डूब रही है।”

भीड़ फिर ठहाकों से गूँज उठी।

रघुवीर ने भी जोड़ दिया –

“साहब, संस्कृति की चिंता छोड़ो। अब तो हमारी सभ्यता भी डेटा पैक पर चल रही है। जब तक रीचार्ज है, तब तक भारतीयता चमक रही है। जैसे ही नेट खत्म, वैसे ही संस्कृति ऑफ़लाइन।”

तभी औरतों में से एक बोली –

“हमारे घर के बच्चे तो लोकगीत तभी गाते हैं जब नेटवर्क डाउन हो जाए। वरना तो दिन-भर ट्रेंडिंग गाने पर नाचते रहते हैं। अब हमें समझ नहीं आता, किसको बचाएँ – संस्कृति को या मोबाइल की बैटरी को।”

मंगूदा ने आखिरी वार किया –

“भाई, संस्कृति हो या राजनीति, दोनों ही क्लाउड सर्वर पर अपलोड हो गई हैं। गाँव वाले तो अभी तक पेंड्राइव खोज रहे हैं और नेताजी अनलिमिटेड डेटा प्लान में मौज कर रहे हैं।”

दुकान एक बार फिर जोरदार हँसी और ठहाकों से गूँज उठी, और नेताजी का चेहरा ऐसा लग रहा था जैसे ईवीएम में उनकी सीट शून्य वोट दिखा दे।

इसी बीच बबलू दाज्यू पत्रकार धीरे-धीरे खिसककर नेता जी के पास बैठ गया और फुसफुसाते हुए बोला –

“नेताजी, अगर आप चाहें तो मैं कल अख़बार में आपकी योजना वाली खबर पहले पन्ने पर छाप दूँगा। बस थोड़ा-सा सहयोग चाहिए। खबर को मैं ऐसा रंग दूँगा कि जनता पढ़कर रो पड़े और आप वोट पक्के कर लें।”

नेता जी ने मुस्कराकर आँख दबाई और जेब से नोट ऐसे सरका दिए जैसे विज्ञापन पैकेज हो। नोट बबलू की डायरी में ऐसे घुसे जैसे एडिटोरियल पॉलिसी में ‘स्पॉन्सर्ड कंटेंट’।

रामदा यह सब देख चुका था। उसने ऊँची आवाज़ में तीर छोड़ा –

“वाह, पत्रकारिता भी अब चाय की तरह हो गई। पैसा डालो और मनपसंद खबर निकालो। फर्क बस इतना है कि यहाँ शक्कर की जगह नोट डलते हैं और स्वाद उसी हिसाब से बदल जाता है।”

भीड़ ठहाके मारने लगी। बबलू सकपका गया। सबकी नज़रें उसकी डायरी पर टिक गईं, मानो उसमें खबर नहीं, बल्कि शेयर मार्केट का गुप्त सौदा लिखा हो। लेकिन बबलू पत्रकार था, बच निकलने का हुनर जानता था। तुरंत विषय बदलकर बोला –

“देश बदल रहा है भाइयों। मीडिया जनता की आवाज़ बन रहा है। अब तो हर न्यूज़ चैनल सच दिखाता है।”

रामदा हँस पड़ा –

“हाँ, बिल्कुल। सच दिखाता है… लेकिन TRP वाले सच। वही सच, जिसमें स्टूडियो की रोशनी ज्यादा चमकती है और जनता की अंधियारी गली कभी कैमरे में नहीं आती।”

चर्चा गहराने लगी। कोई सरकार को कोस रहा था, कोई जनता को निकम्मा बता रहा था, कोई शिक्षा का रोना रो रहा था, तो कोई संस्कृति का विलाप कर रहा था। सब अपने-अपने को विद्वान मानकर बोल रहे थे, जैसे चाय की दुकान विचारों का विश्वविद्यालय हो और हर ग्राहक यहाँ मानद प्रोफेसर। वैसे ये सभी अपने हिसाब से पढ़े-लिखे थे। चाय की चुस्ती लेते-लेते इन्होंने देश-विदेश का ज्ञान प्राप्त कर लिया था।

शाम ढल रही थी। पहाड़ की चोटियों पर लालिमा फैल चुकी थी। लेकिन चाय की दुकान अब भी गूँज रही थी।

तभी मंगूदा ने याद दिलाया –

“भाइयों, हिसाब तो कर दो। चाय मुफ्त की नहीं है।”

नेता जी ने कुर्सी पीछे सरकाते हुए कहा –

“मेरी गाड़ी में पेट्रोल खत्म हो रहा है, कल आऊँगा तो हिसाब कर दूँगा। वैसे भी नेताओं के हिसाब हमेशा अगले चुनाव तक टलते हैं।”

प्रिंसिपल साहब ने फिर वही बहाना दुहराया –

“मेरे पास छुट्टा नहीं है। शिक्षा व्यवस्था की तरह मेरी जेब भी हमेशा कैश क्रंच में रहती है।”

बबलू पत्रकार ने कॉलर ठीक करते हुए कहा –

“मैं तो समाज के लिए लिख रहा हूँ। मुझसे पैसा लेना पत्रकारिता का अपमान होगा।”

भीड़ खिलखिलाई।

अंत में रामदा फिर खड़ा हुआ और तंज़ कसते हुए बोला –

“ठीक है, मजदूर ही सबका बिल चुकाएगा। वैसे भी इस देश में असली विकास मजदूर के कंधों पर ही टिका है। बाकी सब लोग तो सिर्फ चाय की चुस्की और भाषण की फ्री रील्स से क्रांति लाने आते हैं। असल पसीना वही बहाता है, और मज़ा बाकी सब उड़ाते हैं।”


इतना कहकर उसने जेब से सिक्के निकाले और मंगूदा को थमा दिए। दुकान में एक अजीब-सी खामोशी छा गई। सबकी हँसी जैसे कहीं भीतर अटक गई हो।

दूर पहाड़ पर ढलते सूरज की आखिरी किरणें खप्पर वाले घरों पर पड़ रही थीं – मानो कह रही हों कि यहाँ असली रोशनी अब भी सिर्फ मजदूर के चूल्हे की आग से आती है, बाकी तो सब इलेक्शन मैनिफेस्टो का उजाला है।

बाहर अंँधेरा गहराने लगा था। पहाड़ की चोटियों पर तारे ऐसे टिमटिमाने लगे मानो आसमान भी नीचे बैठी बहस सुनकर मुस्करा रहा हो। औरतें अब भी घास की गाठें पीठ पर लादे लौट रही थीं—कदम थके हुए, लेकिन चेहरे पर वही मजबूरी की शांति। बच्चे अंधेरे में भी खेलते रहे, जैसे उनके हिस्से की बचपन की रोशनी बिजली कटौती के बावजूद बुझने से इनकार कर रही हो।

चाय की दुकान के भीतर तथाकथित विद्वान अपनी आखिरी चुस्की लेकर लंबी साँस छोड़ने लगे। कुछ ने अगली सुबह फिर मिलने का वादा किया, जैसे यह चाय की दुकान संसद हो और अगला सत्र कल ही शुरू होना हो।

देश वहीं का वहीं था। योजनाएँ वहीं की वहीं थीं। सड़कें अब भी टूटी-फूटी थीं, अस्पतालों की दीवारों पर अब भी सीलन थी, स्कूलों की खिड़कियों से अब भी सर्द हवा बच्चों को कंपकँपाती थी। टॉयलेट और बाथरूम के नाम पर बिना दरवाज़े का एक कोना था। मगर चर्चा इतनी ऊँची थी मानो अगले ही दिन पहाड़ स्विट्ज़रलैंड बनने वाला हो या मिनी दुबई ।

रामदा ने बाहर झाँककर देखा। अँधेरे में घास लादे औरतें धीरे-धीरे गाँव की ओर उतर रही थीं। उसने एक गहरी साँस भरी और बुदबुदाया –

“ये पहाड़ स्विट्ज़रलैंड नहीं बनेगा भाइयों, क्योंकि यहाँ औरत की पीठ पर घास और मजदूर की जेब में खालीपन ही लोकतंत्र की असली तस्वीर है। बाकी सब चर्चा बस चाय की भाप है—ठंडी पड़ते ही गायब।”

किसी ने उसकी बात पर ठहाका नहीं लगाया। सबके चेहरे पर एक अजीब-सी चुप्पी फैल गई। यह वही चुप्पी थी जो पहाड़ के जंगलों में रात ढलते उतर आती है—गहरी, भारी और सच का बोझ उठाए।

मंगूदा ने बर्तनों को धोते हुए धीमे स्वर में कहा –

“दाज्यू, चाय तो कल भी बनेगी… लेकिन काश, इन पहाड़ों की किस्मत भी कभी बदल जाती।”

उसकी आवाज़ में उम्मीद कम और बेबसी ज्यादा थी।

तभी पहाड़ों पर ठंडी हवा का झोंका आया। तारे और तेज़ चमकने लगे, जैसे आसमान ने सुन लिया हो। लेकिन धरती पर वही अंधेरा पसरा रहा।

बहस खत्म हो चुकी थी, पर असल सवाल अब भी अनसुलझा था।

चाय की चुस्की ख़त्म हो चुकी थी, मगर देश का हिसाब अब भी बाकी था।

सरकारी फ़ाइल (कहानी) ©डॉ. चंद्रकांत तिवारी - उत्तराखंड प्रांत

 सरकारी फ़ाइल (कहानी)

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी  - उत्तराखंड प्रांत 

बरसों पहले, जब मेरी मूंछें नई-नई जवान हुई थीं तब चेहरे पर सरकारी नौकरी का सपना उतना ही चमकता था जितना सावन की पहली बारिश में गांँव के सरकारी प्राथमिक पाठशाला की टिन की छत और पोखरों का पानी, मैंने तय कर लिया था कि सरकारी नौकरी ही करनी है। तब मुझे लगा था कि सरकारी नौकरी वह चांँद है, जो पूर्णिमा की रात मेरे आंँगन में उतरकर चांँदी की थाल में परोसा जाएगा। लेकिन बाद में समझ आया कि यह चांँद सरकारी फाइलों के बादलों में छिपा रहता है, और उसे देखने के लिए न जाने कितनी अमावस्याएँ काटनी पड़ती हैं।

जब मेरी उम्र 21 साल की थी, तो मैंने पहली बार अख़बार में सरकारी नौकरी का विज्ञापन देखा। आधा पन्ना चमचमाता हुआ, ऊपर बड़े अक्षरों में लिखा था — “युवा शक्ति को सुनहरा अवसर!” नीचे लिखा था, “योग्यता- स्नातक, मेहनती, ईमानदार, देशसेवा का भाव।” पढ़कर मेरी आँखों में सपनों के जुगनू-सी चमक आ गई। लगा, यह तो मेरे लिए ही निकला है। लेकिन जब नज़र शर्तों की सूची पर पड़ी, तो लगा जैसे किसी ने बर्फ का गोला माथे पर दे मारा हो — “उम्र सीमा- 21 से 25 वर्ष, अनुभव- कम से कम 5 वर्ष।” अब समझिए, 21 की उम्र में 5 साल का अनुभव कहाँ से लाऊँ? क्या बचपन में ही सरकारी नौकरी ज्वाइन कर लेता? पर उस समय मैं इतना भोला था कि सोच लिया, “अरे, ये सब औपचारिकताएँ हैं, असल में योग्यता देखेंगे।” मुझे क्या पता था कि सरकारी विज्ञापन भी दूल्हे के रिश्ते की तरह होता है — ऊपर से सबको अच्छा दिखता है, पर अंदर की कहानी सिर्फ घरवाले जानते हैं।

पहली बार जब दफ्तर में फाइल जमा करने गया, तो बाबू जी ने मुझे ऐसे देखा जैसे किसी पंडित ने विवाह-समारोह में बिना बुलाए आए बाराती को देख लिया हो। मुस्कुराते हुए बोले, "भैया, चिंता न करो, यह तो दो हफ्ते में हो जाएगा।" मैंने भी मासूमियत से मान लिया, पर दो हफ्ते बाद फाइल दूसरे टेबल पर थी। नए बाबू जी ने पन्ने ऐसे पलटे जैसे कोई ज्योतिषी कुंडली पढ़ता है—"देखो भैया, अभी अमावस्या चल रही है, फाइल को शुभ दिन में आगे बढ़ाएंगे।" मुझे तब अहसास हुआ कि फाइलें भी विवाह-शादी की तरह ग्रह-नक्षत्र देखकर ही चलती हैं।

फाइल की रफ्तार का असली दर्शन मुझे तब हुआ जब एक बार पर्वतीय अंचल में एक योजना के सिलसिले में गया। पहाड़ की सड़कें ऐसी टेढ़ी-मेढ़ी कि स्कूटर चढ़ाई पर हाँफ जाए। दफ्तर पहुँचा तो कमरे में लकड़ी का चूल्हा जल रहा था, और बाबू जी गर्म चाय के साथ अख़बार पढ़ रहे थे। मैंने फाइल आगे बढ़ाने की बात की, तो बोले — "अरे भैया, यहाँ सब धीरे चलता है। जैसे पहाड़ पर पानी की धार, बूँद-बूँद गिरकर ही झरना बनती है। फाइल भी बूँद-बूँद आगे बढ़ती है, महीने-महीने में एक नोटिंग।” मैंने मजाक में कहा, "तो फिर यह झरना कब समुंदर बनेगा?" वे बोले, "भैया, यहाँ समुद्र नहीं, बस तालाब बनते हैं — और वो भी बरसात में!" सच में, पहाड़ में फाइल की स्पीड ऐसी होती है जैसे बर्फ पिघलना — गर्मियों का इंतज़ार करना पड़ता है, वरना सब जमकर बैठा रहता है।

बिल पास करवाने का भी एक अद्भुत कला-शास्त्र है। जैसे मोरनी बारिश में नाचकर मोर को रिझाती है, वैसे ही आवेदक को सरकारी बाबुओं को रिझाना पड़ता है। शहर में यह कला समोसे और चाय के साथ निखरती है, तो पहाड़ में यह गर्म आलू के पराठे और मक्खन की टिक्की के साथ खिलती है। यहाँ बाबू जी के हाथ गर्म रहें, तभी फाइल भी गरम-गरम आगे बढ़ेगी। गरम-गरम दूध और जलेबी की तरह जिसकी सुगंध आने जाने वाले को आती रहनी चाहिए। एक बार तो मैंने देखा, कोई आवेदक बाबू जी के घर सीधे ताज़ा शहद का छत्ता लेकर गया, जिसमें गांँधी चिपके हुए थे। अगले दिन उसकी फाइल में तीन नोटिंग एक साथ हो गईं! तभी मुझे समझ आया कि यहाँ की फाइलें भी मधुमक्खी की तरह हैं — मीठा पाकर ही परिश्रम करती हैं।

रोज-रोज का दफ्तर का चक्कर किसी प्रेम-कहानी की तरह होता है — शुरुआत में रोमांच, बीच में थकान, और आखिर में बस आदत। सुबह उम्मीद की धूप में निकलता हूँ, शाम को निराशा की परछाइयों के साथ लौटता हूँ। कभी-कभी मौसम भी फाइल की यात्रा में बाधा डाल देता है। एक दिन तो बादल ऐसे फटे कि दफ्तर के अंदर तक गंगा मैया चली आई। स्थिति नर से नारायण, जटाशंकर भी फेल। 'जल परियोजना' का पानी डायरेक्ट फाइलों में अपलोड हो गया। गार्ड बोला, “फाइलें भीग गई हैं, पन्ने चिपक गए हैं, अब धूप में सुखाकर ही खुलेंगी।” मैंने सोचा, ‘वाह! ये फाइलें तो प्रेम विवाह के बाद का नवदम्पति - सा व्यवहार कर रही हैं—अलग होने का नाम ही नहीं ले रहीं।’

सरकारी नौकरी के लिए उम्र का आधा हिस्सा तो कतार में खड़े-खड़े निकल जाता है। जवानी में जब ताकत होती है, तब नौकरी के लिए परीक्षा-परीक्षा खेली जाती है। और जब आखिर में नियुक्ति पत्र आता है, तब तक बालों में चांँदी और चाल में ठहराव आ चुका होता है। यह नौकरी भी चांँदनी रात की तरह होती है—दूर से रोमांटिक, पास से ठंडी और कभी-कभी भूतिया-सी।

बाबू साहिब सरकारी नौकरी पाने की कोशिश एक ऐसी मैराथन है, जिसकी फिनिश लाइन हर साल पाँच किलोमीटर आगे खिसकती है। पहले आप 25 की उम्र में फॉर्म भरते हैं, फिर परीक्षा की तारीख बदलती है, फिर रिजल्ट में “तकनीकी कारणों” का नोटिस आता है। और जब अंत में नियुक्ति पत्र आता है, तब तक चेहरे की त्वचा में झुर्रियों का नेटवर्क उतना ही गहरा हो जाता है जितना किसी पुराने नक्शे में नदियों का। नौकरी मिलते-मिलते पेंशन की उम्मीद भी धुंधली हो जाती है, जैसे कोहरे में पहाड़ की चोटी या धुंध में राजधानी की सड़कें।

भोजन की थाली में भी मुझे सरकारी प्रक्रिया नज़र आती है। जैसे दाल में नमक कम हुआ तो घरवाली कहेगी — “अभी डाल देती हूँ,” और फिर वह नमक चम्मच लेकर बैठे-बैठे किसी और बात में लग जाएगी, वैसे ही फाइल में कमी पूरी करने के वादे महीनों खिंचते हैं। रोटी गोल बने या चपटी, यह घर का विषय है; फाइल पूरी हो या अधूरी, यह पंचायत से लेकर जिला अफसर तक की चिंता है — और गरीब आवेदक की बस एक ही चिंता है कि उसकी फाइल पर धूल की परत न जम जाए।

ऊपरी आमदनी का मनोविज्ञान भी बड़ा अद्भुत है। जैसे किसान खेत में खाद डाले, तो पौधे हरे-भरे हो जाते हैं; बाबू की जेब में 'विशेष खाद' डाली जाए, तो फाइल की कलियाँ खिलने लगती हैं। गरीब के पास खाद नहीं होती, तो उसकी फाइल सूखकर हड्डी बन जाती है। मैंने खुद देखा है कि जिसके पास 'खाद' ज्यादा है, उसकी फाइल पूर्णिमा के चाँद की तरह चमकती है — बाकी की फाइलें अमावस्या की रात में गुम हो जाती हैं।

फाइल की गति पर मैंने गहन शोध किया। निष्कर्ष यह निकला कि घोंघा तेज है। घोंघा रास्ते में कभी-कभी पत्ते खा लेता है, लेकिन फाइल रास्ते में 'मतलब की बातें' खाती है। और अगर बारिश हो गई, तो घोंघा फिसलकर आगे बढ़ जाता है, फाइल अलमारी में दुबक जाती है — जैसे बिल्ली कुत्ते से डरकर कोने में छुप जाती है।

राजनीति का ताना-बाना भी फाइल के इर्द-गिर्द बुना है। प्रधान कहेगा — “ऊपर तक बात पहुँचा दो,” और ऊपर से मतलब तारे हैं, चाँद है, मंत्री है — पर कब किसका ग्रह उल्टा है, यह कोई नहीं बताता। जिला पंचायत सदस्य, पटवारी, यहांँ तक कि चाय बेचने वाला भी सलाह देगा — “थोड़ा समय दो, यहाँ सब धीरे चलता है।” धीरे चलने का मतलब है पाँच साल — और पाँच साल में गांँव के तालाब में भी दो बार कमल खिल और मुरझा जाते हैं।

सरकारी नौकरी और प्रकृति का रिश्ता बड़ा अजीब है। बरसात का पानी कब आएगा, यह बादल तय करते हैं; नौकरी कब मिलेगी, यह नोटिंग और अनुमोदन तय करते हैं। चाँद और तारे आसमान में घूमते रहते हैं, पर उनकी दूरी हमारी पकड़ से बाहर है — ठीक वैसे ही जैसे इंटरव्यू का परिणाम।

आज इतने साल बाद जब मैं अर्ध शतक पार कर चुका हूँ। आईने में देखता हूँ तो लगता है, मैंने अपनी आधी जिंदगी अमावस्या और पूर्णिमा के बीच फँसी एक फाइल की तरह गुजारी है। एक अदृश्य दौड़ में गुजार दी—जहाँ हर चक्कर में उम्मीद की नई पूर्णिमा थी, और हर वापसी में निराशा की अमावस्या। सरकारी नौकरी मिलना चांँद पर पानी मिलने जैसा है—सुना सबने है, देखा कम ने। कभी उम्मीद की चाँदनी में नहाया, कभी निराशा के अंँधेरे में डूबा। सरकारी नौकरी पाना अब मुझे चाँद पर बाग़ लगाने जैसा लगता है। कहानियों में सुनने योग्य, हकीकत में लगभग असंभव। और सरकारी फाइल? वह अब भी कहीं न कहीं घूम रही है, ठीक वैसे ही जैसे चांँद बादलों में—कभी दिखता है, कभी छिप जाता है और कभी चुनावी आचार संहिता में गुम हो जाता है और हम बस आसमान ताकते रहते हैं। झिलमिल नम आंँखों से ..! हम बस दूर तलक देखते रहते हैं, उम्मीद करते हुए कि शायद अगली पूर्णिमा को वह हमारे आँगन में उतर आए।

शनिवार, 16 अगस्त 2025

शहर का मकान (कहानी) ©डॉ. चंद्रकांत तिवारी (उत्तराखंड प्रांत)

 शहर का मकान (कहानी)

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी (उत्तराखंड प्रांत)

जनवरी का महीना था। बलुवाकोट के ऊंँचे पहाड़ों पर मुनस्यारी से लेकर छिपला केदार और गुंजी तक बर्फ की तीखी चमक और मोटी परत जमी थी। पहाड़ की ठंडी हवा हड्डियों को चबा रही थी। मोहन दाज्यू सुबह-सुबह अंगीठी के पास बैठकर अपने हाथ सेंक रहे थे। कुछ चीड़ के पेड़ों के बीच से उतरती धुंँध मानो आकाश और धरती का रिश्ता जोड़ रही हो। सामने की ऊंँची पहाड़ी पर बर्फ जमी थी, घाटी में कोहरा छाया हुआ था। जैसे प्रकृति ने सफ़ेद रजाई ओढ़ रखी हो। काली नदी की आवाज़ बलुवाकोट और नेपाल की सीमारेखा को रेखांकित कर रही थी।

कुछ चीड़ के पेड़ बर्फ की बूँदों को झटकते हुए ‘छपाछप’ करते थे, मानो कोई गाँव की औरतें पानी भरते वक्त लोटे से गिरा रही हों। पहाड़ के खेत ठंड से सिहर रहे थे, जैसे पूछ रहे हों—अबकी बार कौन हमें जोतेगा? आलू खोदने के लिए खेत में आदमी नहीं, भालू उतर आया था। प्याज़ के खेतों में बंदर धमा-चौकड़ी मचा रहे थे। गांँव में बच्चे बूढ़े-बुजुर्ग यह तमाशा देख रहे थे और सोच रहे थे कि अब पहाड़ की खेती जानवरों की दया पर ही बची है। बच्चे स्कूल में हैं, जहांँ उन्हें शिक्षा और मिड-डे मील की पानी जैसी दाल ज्यादा मिल रही है। वह दाल इतनी पतली कि उसमें चेहरा तक नज़र आ जाए। भात इतना गीला कि बिना दूध-चीनी की खीर समझ लो। बच्चे किताबों के लिए कम, थाली के उस दाल-भात के लिए ज्यादा स्कूल जा रहे थे।

इधर बलुवाकोट का मोहन दाज्यू अपनी पत्नी हेमा से कह रहा था—“हेमा, सुना है हल्द्वानी में एक कमरा मिल रहा है। छोटा ही सही, पर शहर में है। बच्चे की वहांँ अच्छी स्कूलिंग होगी, और अस्पताल भी पास रहेंगे।” हेमा ने खिड़की से झांँकते बादलों को देखा, जो मानो सुन रहे थे और हंँस रहे थे। बोली—“यहांँ तो सूरज रोज देखने को मिलता है, तारों की गिनती कर लो, पर वहांँ? वहांँ धुआंँ मिलेगा, ऑटो के हॉर्न, गाड़ियों का जाम और एंबुलेंस की आवाज़। बच्चे को नींद नहीं आएगी।” मोहन हंँसा—“बच्चा सो लेगा, अरे चिंता मत कर। हमें तो शहर में मकान बनाना ही पड़ेगा, चाहे आधा कमरा ही क्यों न हो।”

उधर पौड़ी गढ़वाल के थलीसैंण का गणेश भैजी भी अपनी पत्नी दीपा से यही चर्चा कर रहा था। दीपा बोली—“सुनो, गांँव के स्कूल में तो बस राम के भरोसे पढ़ाई है। मास्टरजी हफ्ते में दो दिन आते हैं, और तीन दिन शादी-ब्याह या चुनाव प्रचार में जाते हैं। बच्चों को भविष्य चाहिए। सुना है देहरादून में बड़े-बड़े स्कूल हैं, वहांँ बच्चे टिफिन लेकर जाते हैं। ब्रेड, ऑमलेट, फ्रूट्स! चाहें खाएंँ या न खाएंँ, पर टिफिन स्टाइलिश होना चाहिए।” गणेश ने सिर खुजाते हुए कहा—“दीपा, टिफिन का स्टाइल दिखाना है या बच्चों को पढ़ाना है?” दीपा ने तुरंत पलटकर कहा—“गांँव में तो बच्चे दाल-भात के लिए स्कूल जाते हैं, यहांँ टिफिन के लिए जाएंगे, यही तो फर्क है!”

गांँव की जिंदगी कितनी भी सुंदर क्यों न हो—आसमान बड़ा, तारे चमकीले, हवा शुद्ध, पानी के नौले से मीठा झरना बहता हो—पर वहांँ चिकित्सा यमराज के भरोसे और शिक्षा राम भरोसे है। गांँव में जब बच्चा बीमार पड़ता है तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम दीदी आती हैं और कीड़े मारने वाली गोलियांँ पकड़ा जाती हैं। विटामिन-डी, आयरन की गोलियांँ बांँट दी जाती हैं, और कहती हैं—“बच्चों को धूप में खिलाओ, सब ठीक हो जाएगा।” गांँव वाले भी मान जाते हैं, जैसे धूप ही सारी बीमारियों की दवा हो।

शहर की तरफ देखो, तो अस्पतालों में अलग तमाशा है। हल्द्वानी के अस्पताल में एक बार एक मरीज को मुर्दा समझकर श्मशान तक ले जाया गया। जब चिता तैयार हुई, तो वह उठ बैठा। लोग भागे, फिर हंँसे। गांँव के लोग यह किस्सा सुनते तो कहते—“शहर की दवा इतनी जोरदार है कि मुर्दे भी उठ जाते हैं।” और शहर के लोग कहते—“शहर का अस्पताल है, यहांँ तो मुर्दा और मरीज का फर्क भी समझ नहीं आता।”

इधर गांँव से जब रोडवेज बसें शहर की ओर निकलती हैं, तो दृश्य ही अलग होता है। थलीसैंण से देहरादून और बलुवाकोट से हल्द्वानी जाने वाली बसें इतनी भरी रहती हैं कि बस की छत तक पर लोग बैठे होते हैं। कुछ लोग दरवाजे पर लटकते हैं, मानो बस नहीं, कोई झूला हो। बच्चे गोद में, बकरियांँ पैरों तले, और ट्रंक छत पर। ड्राइवर हॉर्न बजाता हुआ पहाड़ की संकरी सड़कों पर बस दौड़ाता है और हर यात्री भगवान को याद करता है। पहाड़ भी तो डायनासोर जितने बड़े विशाल हैं। शहर पहुंँचते-पहुंँचते यही बसें थकी घोड़ियों की तरह हांँफने लगती हैं।

मोहन दाज्यू जब पहली बार हल्द्वानी पहुंँचे, तो उन्हें लगा कि वह किसी अलग ही दुनिया में आ गए हैं। गाड़ियों का धुआंँ ऐसा कि आंँखों से आंँसू आने लगे। हॉर्नों का शोर ऐसा कि पहाड़ के भोटिया कुत्ते भी फेल। कोई एक चिड़िया देखी तो अपने गांँव की चिड़ियों की चहचहाहट याद आ गई। पर यहांँ एक छोटा सा कमरा ढूंढा, जिसमें मुश्किल से बिस्तर और एक स्टोव समा सके। पर मोहन की आंँखों में सपने थे—“बच्चा यहीं पढ़ेगा, यहीं डॉक्टर बनेगा, यहीं से IAS बनेगा।” हेमा चुपचाप सोच रही थी—“गांँव में खुला आकाश, हवा, पानी सब छोड़ आए, और यहांँ चार दीवारों में घुटन के लिए आ गए।”

गणेश भैजी भी देहरादून में कमरे की तलाश में थे। उन्हें एक कॉलोनी में एक कमरा मिला, जिसके बगल में नाली बह रही थी। लेकिन उन्होंने सोचा—“ठीक है, नाली है तो क्या हुआ, स्कूल पास है, बाजार पास है, नौकरी का भी चांस है।” दीपा हंँसते हुए बोली—“हम तो पहाड़ से आए हैं, यहांँ नाली का पानी भी गंगाजल समझ लो।” दोनों हंँस दिए, मगर भीतर कहीं पहाड़ की याद खटकती रही।

गांँव के खेत अब बंजर होते जा रहे थे। गाय, भैंस, बकरियांँ उदास घूमती थीं, क्योंकि उन्हें चराने वाले बच्चे अब शहर के छोटे कमरों में किताबों और टिफिन के बोझ तले दबे थे। गांँव की नदियांँ पागल होकर चट्टानों से टकरातीं, मुंँह से पानी फेंकतीं, पर उन्हें देखने वाला कौन? अब गांँव में बस बूढ़े और जानवर रह गए थे। खेतों की मेड़ों पर उगती घास, जंगली झाड़ियांँ मानो कहती हों—“तुम्हारे शहर के मकान हमें रास नहीं आएंगे, हम तो यहीं रहेंगे।”

शहर के स्कूलों का भी हाल कम मजेदार नहीं था। बच्चों को ब्रेड, ऑमलेट, फ्रूट्स टिफिन में दिए जाते। मांँ-बाप सोचते—“बच्चा पढ़ाई करेगा।” लेकिन बच्चे तो टिफिन स्कूल पहुंँचते ही दोस्तों से अदला-बदली कर लेते। ब्रेड गया, बिस्किट आया। ऑमलेट गया, मैगी आई। पढ़ाई से ज्यादा टिफिन की राजनीति चलती। गांँव के बच्चे दाल-भात की प्लेट के लिए स्कूल जाते, वही शिक्षा का प्रसाद था और शहर के बच्चे टिफिन के आदान-प्रदान के लिए। फर्क बस इतना था कि गांँव में भूख पढ़ाई से बड़ी थी, शहर में दिखावा भूख से बड़ा था।

धीरे-धीरे मोहन दाज्यू और गणेश भैजी दोनों का परिवार शहर में रम गए। पर हर बार जब सर्दी आती और धुंँध छाती, तो उन्हें पहाड़ की याद सताती। मोहन दाज्यू सोचते—“वहांँ तो सुबह सूरज की किरणें सीढ़ीनुमा खेतों पर सुनहरी झालर डालती थीं। यहांँ सूरज दिनभर धुएंँ में लुका-छिपी खेलता है।” गणेश भैजी सोचते—“वहांँ तारों से भरा आकाश होता था, यहांँ रात में बस स्ट्रीट लाइट की टिमटिमाहट।”

पर बच्चों की पढ़ाई, मेडिकल सुविधाएं, और नौकरी का सपना इतना बड़ा था कि इन सब बातों पर हंसी-ठिठोली कर आगे बढ़ जाते। कभी गांँव फोन करते तो वहांँ के रिश्तेदार कहते—“खेत बंजर हो गए हैं, आलू अब भालू खोद रहे हैं, और प्याज़ टमाटर बंदर खा रहे हैं।” इस पर मोहन और गणेश दोनों हंँसते और कहते—“ठीक है, खेती जानवरों को ही सौंप दो, हम शहर में मकान बना रहे हैं।”

शहर का मकान अब सपना नहीं, मजबूरी था। गांँव की खुली हवा, तारे, सूरज, बारिश, गधेरे और नौले सब पीछे छूट चुके थे। पर इन सबकी कीमत पर शहर का मकान बना, जिसमें सपनों की दीवारें थीं और व्यंग्य की छत। आखिर गांँव से शहर तक का सफर हंँसी और व्यंग्य से भरा हुआ था—जहांँ गांँव में भालू , सूअर और बंदर खेतों के राजा थे, वहीं शहर में हॉर्न और धुआंँ जिंदगी के मालिक। दोनों जगह का सच अलग था, पर दोनों में एक जैसा—जीवन किसी का आसान नहीं, बस दिखावा अलग-अलग है।

मोहन दाज्यू अपनी छत पर बैठे थे। ईंट-पत्थरों से बने उस किराए के घर की दीवारों को देखते हुए मुस्कराए—“ये मकान मेरा है, बस उतना ही जितना बैंक चाहे।” पत्नी ने पूछा, “तो हमारा घर कब होगा?” मोहन दाज्यू ने सिर झुकाकर जवाब दिया, “घर तो गाँव में था, यहाँ तो सिर्फ़ कमरे हैं।” बच्चे नीचे गली में टूटी चप्पल को फुटबॉल बनाकर खेल रहे थे, और बार-बार मासूमियत से पूछते—“पापा, हमारे भी गाँव जैसा आँगन होगा?” मोहन दाज्यू के होंठों पर मुस्कान थी, पर आँखों में वही खामोशी थी, जो हर महीने बैंक की ईएमआई की पर्ची के साथ आती थी। मोहन दाज्यू सोचने लगे कि जितना बड़ा मकान शहर में बनता है, उतना ही छोटा आदमी अपनी ही सोच में हो जाता है। मकान ऊपर उठाने के चक्कर में आंँगन छोटा हो जाता है। रिश्ते और संबंध और भी छोटे।

उधर पौड़ी गढ़वाल के गणेश भैजी थे, जिनकी सरकारी नौकरी ने उन्हें सुरक्षित बना दिया था, लेकिन भीतर का असुरक्षित आदमी हर वक्त चिल्लाता था। पत्नी ने ताना मारा—“इतना तनाव क्यों? तुम्हें तो पेंशन भी मिलेगी।” गणेश भैजी ने गहरी साँस लेकर कहा—ओल्ड पेंशन स्कीम थोड़ी ना है अब ..! अब तो नई पेंशन स्कीम है। वैसे—“तनाव केवल पेंशन का ही नहीं है दीपा , तनाव इस बात का है कि हम बच्चों को गाँव की धूप, अपने खेत, गधेरे, संस्कृति , अपनापन , रिश्ते नहीं दे पाए, सिर्फ़ ट्यूशन फीस , शिक्षा और शहरी स्क्रीन की रोशनी दी।” बच्चे महँगे स्कूल की किताबों में उलझे रहे, लेकिन दादी की कहानियों में कभी नहीं। गणेश भैजी के चेहरे पर व्यंग्य भरी मुस्कान थी—“हमने बच्चों को मकान तो दिया, मगर घर छीन लिया। मिट्टी की गंध की जगह एयर प्यूरीफ़ायर पकड़ा दिया।” गणेश भैजी सोचने लगे कि शहर में मकान आदमी को थामता है, जबकि गाँव में आदमी घर को थामे रहता है।



शुक्रवार, 15 अगस्त 2025

शिक्षा का ताबीज़ (कहानी) ©डॉ. चंद्रकांत तिवारी (उत्तराखंड प्रांत)

 शिक्षा का ताबीज़ (कहानी)

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी  (उत्तराखंड प्रांत)


सुबह के आठ बज रहे थे। पहाड़ी कस्बे के सरकारी महाविद्यालय का बरामदा ठंड में जम-सा गया था। दीवारों पर पुरानी पोस्टरें, आधे छूटे चुनावी नारे और कोने में टंगा बिजली का पंखा—जो वर्षों से घूमना भूल गया था—सब मिलकर मानो बता रहे थे कि यहाँ चीज़ें सिर्फ दिखाने के लिए हैं, चलने के लिए नहीं। बरामदे में शिवांगी खड़ी थी—अंतिम वर्ष की छात्रा, हाथ में फटी डायरी, आँखों में सवाल और चेहरा ऐसा जैसे पिछले साल के अपने रद्द रिज़ल्ट का बोझ अब भी उठाए हुए हो।

चपरासी लालू हाँफते हुए आया, हाथ में मुड़ा-तुड़ा नोटिस..! 

“सुनो-सुनो! आदेश आया है—आज से हर छात्र को मिलेगा शिक्षा का ताबीज़। इसे पहनते ही पढ़ाई में मन लगेगा, रिज़ल्ट सुधरेगा, और जिंदगी बदल जाएगी।”

बरामदे में हल्की हंसी दौड़ गई। मास्टर साहब—जो कभी गणित पढ़ाते थे, अब मीटर रीडिंग और बिजली बिल वसूली में महारत हासिल कर चुके थे—पास आकर बोले,

“बेटी, ये ताबीज़ बिजली कटौती जैसा है—शोर बहुत करता है, लेकिन रोशनी नहीं देता।”

तभी प्रिंसिपल साहब निकले। फटा जूता, सिलेंडर जैसा पेट, हाथ में आधा चाय का गिलास, और मुस्कान—वही जो हर सरकारी मीटिंग में ‘हम सब अच्छा कर रहे हैं’ कहने के लिए लगाई जाती है।

“देखो बेटा,” उन्होंने अपनी भारी आवाज में कहा, “ये ताबीज़ पढ़ाई के लिए नहीं, व्यवस्था के लिए है। जैसे बैल गाड़ी खींचता है—धीरे-धीरे, और कभी-कभी उल्टी दिशा में।”

शिवांगी ने हिम्मत की, “सर, इससे शिक्षा सुधरेगी?”

उन्होंने पेट पर हाथ फेरते हुए कहा, “सुधर जाएगी… जैसे ही नेतागिरी सुधर जाएगी, ठेकेदार ठेका छोड़ देंगे, और बल्ब खुद जलना सीख जाएगा।”

महाविद्यालय की सीढ़ियों पर उस दिन असामान्य भीड़ थी। कम्प्यूटर लैब में मशीनें बार-बार “पेट खराब” का बहाना बनाकर बंद हो रही थीं। स्क्रीन पर वही एरर मैसेज—सिस्टम इज नॉट रिस्पॉन्डिंग—जैसे बेरोजगार युवाओं की जिंदगी का नारा हो: सिस्टम इज नॉट रिस्पॉन्डिंग। किराएदार प्रोफेसर बाथरूम के फर्श पर फिसलकर घर बैठे थे, लेकिन उनके नाम से तीन मीटिंग के मिनट्स पास हो चुके थे।

इसी अफरा-तफरी में मदारी आ गया। कंधे पर बन्दर, हाथ में डुगडुगी—

“भाइयों और बहनों ! यही है असली शिक्षा। मिलेगी सबको दीक्षा..! 

डिग्री लेने से पहले डुगडुगी बजाना ज़रूरी है।”

बन्दर ने ताबीज़ को ओलिंपिक मशाल की तरह उठाया, भीड़ ने ताली बजाई, और शिवांगी ने सोचा—ये मशाल नहीं, बुझा हुआ बल्ब है—जिसे दिखावे के लिए टांगा गया है, रोशनी देने के लिए नहीं।

गाँव के महाविद्यालय में उस दिन चाय के साथ ‘गोबर का गुड़’ पर चर्चा थी।

पहला शिक्षक—“ठंड का फंड इस बार नेताजी के भाषणों में खर्च होगा।”

दूसरा—“और हीटर सिर्फ प्रिंसिपल के कमरे में चलेगा। बच्चों के लिए ताबीज़ काफी है।”

इसी बीच मंच पर एक अनपढ़ नेता का अभिनय हुआ—

“हम शिक्षा हर घर पहुँचाएँगे… बस किताबें बाद में भेजेंगे।” पेपर छुट्टियों में करवाएंगे।

पीछे खड़ा ठेकेदार मुस्कुराया, “और बिल पहले ही बना देंगे।”

शिवांगी को यह दृश्य नदी और कीचड़ के संगम जैसा लगा—जहाँ साफ़ पानी और गंदगी दोनों साथ-साथ बहते हैं, और कोई भी एक-दूसरे से अलग नहीं होता।

पुलिस चौकी के सामने एक आदमी बैठा था—पहले का टॉपर, अब “कामयाब बेरोजगार” की सूची में नाम। गले में ताबीज़, आँखों में थकी हुई उम्मीद का टार्च।

शिवांगी ने पूछा, “भैया, ताबीज़ काम करता है?”

वह हंसा—“पहनते ही दिमाग ऐसा घूमता है जैसे बल्ब में बिजली आकर भी जलने से मना कर दे। नौकरी तो दूर, अब तो अपना नाम भी याद नहीं रहता।”

पास खड़े डाक्टर ने ठहाका लगाया—“ये सामान्य है। हमारे यहाँ पढ़ाई का असर दिमाग पर कम और पेट पर ज्यादा पड़ता है।”

जंगल से लौटते समय पहाड़ी महाविद्यालय के बच्चों ने आसमानी बिजली की गड़गड़ाहट सुनी। मानों जैसे बल्ब फ्यूज हो गया, और बच्चे ताबीज़ की ओर ऐसे देख रहे थे जैसे उससे रोशनी फूट पड़ेगी।

तभी शाम तक आदेश आया—“कल से चुनाव ड्यूटी है, कक्षाएँ बंद।”

मदारी ने डुगडुगी बजाई, “यही है असली शिक्षा—पढ़ाई का वादा, नेतागिरी का फायदा।”

बन्दर ने सिर हिलाया जैसे कह रहा हो, “सिलेबस यही है, इसमें बदलाव नहीं।”

शिवांगी को यह पूरा खेल मनोवैज्ञानिक प्रतीकों का जाल लगा। ताबीज़ मरीज़ के पर्चे जैसा था—दवा का नाम लिखा, लेकिन दवा ही नहीं।

प्रिंसिपल का “बिमारी का पंचनामा” फाइलों में दर्ज था—पेट फूलने से लेकर टाइपिंग स्पीड धीमी होने तक—लेकिन इलाज का कॉलम खाली।

ठंड के दिनों में कम्प्यूटर लैब में बैठना किसी परीक्षा से कम नहीं था—स्क्रीन जम जाती, की-बोर्ड की चाबियाँ कांपतीं, और बिजली कटते ही लैब अंधेरे में डूब जाती।

मदारी ने ताना मारा, “जब ये बन्दर प्रिंसिपल बनेगा और फटा कुर्ता पहनकर मीटर रीडिंग लेने जाएगा, तब कम्प्यूटर भी गणित पढ़ा देगा।”

सब हंसे, लेकिन शिवांगी के होंठ सिले थे—उसे पता था कि इस मजाक में सच का मील का पत्थर गड़ा है।


फिर आया ताबीज़ वितरण का दिन। वह भी रविवार को। मंच पर नेता, ठेकेदार, मदारी, प्रिंसिपल, और बन्दर सब विराजमान थे।

नेता ने ऐलान किया, “ये ताबीज़ पहनते ही ज्ञान अपने आप दिमाग में उतर आएगा।”

शिवांगी ने अपना ताबीज़ खोला—अंदर न किताब, न कलम—बस कीचड़, बिजली का अधूरा बिल, टाइम-टेबल और चुनाव ड्यूटी की सूची।

भीड़ ताली बजा रही थी, मदारी डुगडुगी बजा रहा था, और बन्दर ताबीज़ चबा रहा था।

शिवांगी को लगा यह शिक्षा नहीं, मदारी का खेल है—जहाँ भीड़ को बस व्यस्त रखना असली मकसद है।


रात को आसमान में सितारे ऐसे चमक रहे थे जैसे कोई बिजली मीटर की रीडिंग गिन रहा हो।

शिवांगी ने ताबीज़ नदी में फेंक दिया, जो बहते ही कीचड़ में बदल गया।

उसे लगा, असली शिक्षा ताबीज़ से बाहर है—जहाँ सवाल पूछने पर उत्तर किताब से आता है, डुगडुगी से नहीं।

लेकिन कस्बा, गाँव और शहर सब इस खेल के आदी थे—जैसे बिजली कटने पर भी पंखे को टांगकर रखा जाता है, उम्मीद में कि कभी तो घूमेगा।

गुरुवार, 14 अगस्त 2025

स्कूल की छुट्टी (कहानी) ©डॉ. चंद्रकांत तिवारी - उत्तराखंड

स्कूल की छुट्टी (कहानी)

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी - उत्तराखंड 

------------------------------------------------------------------
सुबह के धुंधलके में पहाड़ ऐसे लग रहे थे जैसे किसी ने सफ़ेद रजाई ओढ़ ली हो। बादल, जैसे आलसी सरकारी बाबू, चुपचाप घाटियों में बैठकर चाय पी रहे थे और सोच रहे थे कि आज थोड़ा ज़्यादा बरसें, ताकि काम करने वालों को बहाना मिले और न करने वालों को मौका। हवा में ठंडक थी, लेकिन बादलों में गर्मजोशी। वे धीरे-धीरे सरकते हुए गांँवों के ऊपर इकट्ठा हो गए, जैसे कोई अफसर दफ्तर में देर से पहुंचकर भी बैठक बुला ले। पहली बूँद गिरते ही कच्ची सड़कों ने खुद को नदी घोषित कर दिया। मिट्टी ने अपने सारे रंग छोड़ दिए और पानी में मिलकर बहने लगी। पुलों ने इस्तीफ़ा दे दिया—“हम इतनी जिम्मेदारी नहीं उठा सकते।” पगडंडियां अचानक गायब हो गईं, मानो कह रही हों कि आज हमें भी छुट्टी चाहिए।

गांँव में लोग सुबह की चाय पी ही रहे थे कि मोबाइल पर टन-टन की आवाज़ आई। शिक्षा विभाग का संदेश—“भारी वर्षा के कारण सभी विद्यालय आज बंद रहेंगे।” आदेश उतनी तेज़ी से गांँव-गांँव फैला जितनी तेज़ी से पहाड़ों में बिजली चली जाती है और चाय की केतली की भपक दुकानों में खुशबू फैलाती है। बच्चे, जो रोज़ सुबह उठते ही बस्ता देखकर सुस्त हो जाते थे, आज बिस्तर छोड़कर खिड़की से बारिश का नजारा लेने दौड़ पड़े। राजू, जो किताब खोलते ही जम्हाई लेने का मास्टर था, आज बारिश में नंगे पैर दौड़ रहा था। उसकी कागज की नाव तेज़ बहाव में ऐसे भाग रही थी जैसे सपनों की नौकरी विदेश में मिल गई हो। कमला ने हाथ में छाता लिया, लेकिन वह छाता भी बरसात में ऐसे नाच रहा था जैसे कोई नेता चुनावी रैली में—शोर ज्यादा, काम कम। पहिले तो छाता खुला ही नहीं जब खुला तो पैराशूट बन गया। बच्चों की टोली कूद-फांद करती, पानी में छपाक-छपाक करती, मानो बरसात कोई बड़ा त्योहार हो और वह सब मुख्य अतिथि हों।

गांँव के मास्टर तिवारी जी बरामदे में ऊन का मफलर बुन रहे थे। हर टांका मानो कह रहा हो—“आज पाठ नहीं, पकौड़े होंगे।” उनके चेहरे पर संतोष का भाव था, जैसे प्रकृति ने खुद उन्हें अवकाश पत्र दे दिया हो। उनकी पत्नी ने पूछा, “आज बच्चों को पढ़ाने का मन नहीं?” तिवारी जी ने गंभीर लहजे में कहा, “प्रकृति जब पढ़ा रही है जलचक्र, तो मैं क्यों बीच में दखल दूंँ?” उनका यह दर्शन न केवल व्यावहारिक था बल्कि आलस्य का भी उत्तम उदाहरण था।

बरसात में पहाड़ का भूगोल अपने असली रूप में सामने आता है। झरने बताते हैं कि गुरुत्वाकर्षण किसका बाप है। लुढ़कते पत्थर चेतावनी देते हैं कि स्थिरता सिर्फ किताबों में है। मिट्टी के धसकने से समझ आता है कि आधार कमजोर हो तो इमारत गिरना तय है—चाहे वह घर हो या व्यवस्था। गांँव के ऊपर के रास्ते बहकर गायब हो गए थे और नीचे के रास्ते कीचड़ में ऐसे डूब गए थे जैसे सरकार की योजनाएं फ़ाइलों में।

बारिश थमने पर गांँव की पंचायत में चर्चा छिड़ी। गणेश काका, जो अपने जमाने को इतिहास मानते थे, बोले, “हमारे जमाने में तो बारिश में भी स्कूल जाते थे… बस्ता भीग जाए तो क्या।” पप्पू, जो वर्तमान पीढ़ी का प्रतिनिधि था, तुरंत बोला, “काका, तब शिक्षा पानी में नहीं बहती थी, अब तो बजट से लेकर किताब तक सब बह जाता है।” दीपा की मांँ, जो गांँव के मध्यम वर्ग की आवाज़ थीं, बोलीं, “अब तो बच्चे घर से ऑनलाइन पढ़ते हैं, बरसात में तो और भी आसान।” पप्पू हंसा, “हाँ मौसी, लेकिन नेटवर्क भी तो पहाड़ी है—कभी ऊपर, कभी नीचे।” पकड़ में आ ही नहीं रहा है। एक - दो डंडे से क्या होगा ? इस पर पंचायत में बैठे सब लोग खिलखिला पड़े। हंँसी में छिपी यह सच्चाई सबको चुभ रही थी—बरसात में शिक्षा विभाग से लेकर चाय की दुकान तक, हर कोई ‘सुरक्षा’ के नाम पर आराम चाहता है। जिसका बेटा फौज में है वह छाती चौड़ी कर लेता है।

सोशल मीडिया ने बरसात को और भी रंगीन बना दिया था। हालांकि रंग जिंदगी के अनेक भावों को दर्शाते हैं। गांँव के युवा शिक्षक प्रदीप सर ने छुट्टी मिलते ही इंस्टाग्राम पर फोटो डाल दी—“Rainy day in the hills”। पीछे बहते झरने का वीडियो, जिसमें वे बड़े साहित्यिक अंदाज में खड़े थे। कमेंट आया—“सर, यह स्कूल के पीछे का झरना है ना? तो आप वहीं क्यों नहीं पढ़ा रहे?” सर ने जवाब दिया—“ये जलधारा शिक्षा से भी तेज बह रही है, बेटा।” फेसबुक और व्हाट्सऐप विश्विद्यालय पर बरसात का मेला लगा था। “Rainy Day Vibes” के साथ चाय-पकौड़े की तस्वीरें, बच्चों के कीचड़ में कूदने के वीडियो और शिक्षकों के पोस्ट—“सुरक्षा के लिए छुट्टी जरूरी”, जिनके बैकग्राउंड में गरम भाप उठती कॉफी साफ दिख रही थी।

बरसात में प्रकृति का हर कोना मानो प्रतीक बन जाता है। तेज़ बहाव वाली नालियांँ उस व्यवस्था का रूप ले लेती हैं, जो सबको अपने साथ बहा ले जाती है, चाहे कोई तैयार हो या न हो। पुल, जो बहकर चले जाते हैं, वे कमजोर नीतियों का रूपक हैं, जो पहले मौके पर टूट जाते हैं। और वह ऊंँचे-ऊंँचे पहाड़, जिन पर बादल टिक जाते हैं, वे उस जड़ मानसिकता का प्रतीक हैं, जिसे हिलाना मुश्किल है, चाहे कितनी ही बारिश क्यों न हो।

शाम होते-होते बादल हटे, लेकिन पहाड़ी रास्तों पर सड़कों पर गड्ढों में जमकर कीचड़ और पानी अपलोड हो गया और फिर कीचड़, फिसलन , धुंध और ठंड का साम्राज्य आ गया। बच्चे सोच रहे थे—काश कल भी बारिश हो, ताकि छुट्टी जारी रहे। शिक्षक सोच रहे थे—काश कल बच्चे आधे ही आएं ! और प्रशासन सोच रहा था—काश हर बरसात में हमें ‘तुरंत निर्णय’ लेने का अवसर मिले। यहांँ बरसात सिर्फ पानी नहीं थी, बल्कि एक आईना थी, जिसमें हर कोई अपनी असलियत देख रहा था।

यह दिन गांँव के लिए उत्सव भी था और आलस्य का पर्व भी। बच्चों ने इसे खेल में बदल दिया, शिक्षकों ने आराम में, और प्रशासन ने अपनी ‘सुरक्षा नीति’ में। बरसात ने सबको एक मंच पर ला खड़ा किया, जहांँ हर कोई अपने तरीके से छुट्टी का अर्थ समझा रहा था। अध्यापकगण इस दिन को “अनपेड वर्क-फ्रॉम-होम” मानकर आत्मचिंतन करते हैं—अगले हफ्ते का होमवर्क और भी ज्यादा कैसे दिया जाए।

बरसात में हर पात्र अपने प्रतीकात्मक रूप में था। बच्चे थे ‘स्वतंत्रता की नदियांँ’, जो हर दिशा में बहना चाहती थीं। शिक्षक थे ‘पहाड़ी देवदार’, जो अपनी जगह स्थिर रहकर भी मौसम का आनंद लेते थे। प्रशासन था ‘दूर का बादल’, जो गरजता ज्यादा और बरसता कम था। और गांँव का आम आदमी था ‘पगडंडी’, जिस पर सबका आना-जाना तो होता है, लेकिन उसका हाल पूछने वाला कोई नहीं।

बरसात ने दिखा दिया कि शिक्षा व्यवस्था चाहे कितनी भी आधुनिक हो जाए, इंटरनेट और स्मार्टफोन कितने भी पहुंँच जाएं, पहाड़ में छुट्टी का मतलब अब भी वही है, जो आजादी से पहिले था। कि आराम, पकौड़े, और खिड़की से बाहर बरसते पानी को देखना। यह भी तय है कि बरसात का यह प्रतीकात्मक खेल हर साल दोहराया जाएगा। प्रकृति अपनी भूमिका निभाएगी, और हम सब अपनी-अपनी पुरानी स्क्रिप्ट। फर्क बस इतना होगा कि फोटो अब और ज्यादा हाई-रेज़ॉल्यूशन में आएंगे, और ‘Rainy Day’ का हैशटैग और लंबा होगा।

बरसात यहांँ एक मौसम नहीं, बल्कि एक सामूहिक बहाना है—काम से बचने का, जिम्मेदारी टालने का और बचपन जीने का , और यही उसका सबसे सटीक, सबसे सजीव, और सबसे व्यंग्यात्मक रूप है। हालांकि प्रकृति हम सबकी कल्पनाओं से भी अधिक सुंदर है। बरसात एक उपमान।

मंगलवार, 12 अगस्त 2025

बादल, तुम्हारे फटने से…... ©डॉ. चंद्रकांत तिवारी

 बादल, तुम्हारे फटने से…...

(धराली, उत्तर काशी की स्मृति में)

_________________________________________

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी  (उत्तराखंड प्रांत)


बादल, तुम इस कदर फटे कि मेरी ज़िंदगी के सारे कपड़े बेतहाशा फट गए

अब ऐसा कोई भी नहीं जो इन कपड़ों को फिर सी सके, 

और ऐसा कोई दिल नहीं जो मेरे आंँसुओं के वजन को समझ सके

तुमने पानी के साथ मेरे सपनों की छत भी बहा दी

मेरी हँसी का रंग भी धो डाला।


मैं अब मिट्टी के नीचे दब गया हूँ

एक ऐसी मिट्टी, जो कीचड़ और विशाल पत्थरों से मेरी सांँसों को दबोच चुकी है

क्या तुम देख सकते हो मेरे हिलते हुए हाथ

जो अब सिर्फ मदद की आखिरी पुकार हैं ? 

क्या तुम मेरी बुझती हुई सांँसों को लौटा सकते हो

ताकि मैं फिर से जीवन का आकाश देख सकूंँ ?


अगर तुम्हारे हृदय में करुणा बची है

तो मेरे इशारे को समझो और मुझे उठाओ

मुझे इस मलबे से बाहर निकालो

ताकि मैं फिर से खेत में हल चला सकूंँ

घर के चूल्हे में आग जला सकूंँ

और अपनी मांँ की आंँखों में नमी के बजाय चमक ला सकूंँ

क्योंकि बादल, पानी से जीवन भी बनता है

पर जब तुम फटते हो

तो जीवन का ताना-बाना भी बिखर जाता है

आंँखों से बरसात उतर आती है।


बादल, तुम इस तरह फटे कि मेरी ज़िंदगी का हर टुकड़ा बिखर गया

कपड़े फटे, पर उससे पहले मेरी उम्मीदों का सीवन टूट गया


मांँ की गोद में रखा अनाज बह गया

चूल्हे की आख़िरी आग ठंडी हो गई


मैं मिट्टी के नीचे दबा हूँ, सांँसें रुक-रुक कर रो रही हैं

कीचड़ और पत्थरों ने मेरे सीने का रास्ता बंद कर दिया है


क्या तुम्हें मेरे हिलते हुए हाथ दिख रहे हैं, बादल ?

ये हाथ अब सिर्फ मदद नहीं, आख़िरी विदाई के इशारे हैं


मेरी बुझती हुई सांँसें लौटाओ

ताकि मैं फिर से अपनी धरती को सींच सकूंँ

पानी से, पर मौत से नहीं।

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी 

शनिवार, 26 जुलाई 2025

विजय दिवस कारगिल - 26 जुलाई - डॉ. चंद्रकांत तिवारी

 

विजय दिवस - कारगिल - 26 जुलाई 

🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳

----------------------------------------------------------------

🇮🇳शहीदों को श्रद्धांजलि -

“जो शहीद हुए हैं उनकी ज़रा याद करो कुर्बानी…!!”


वीर सिपाही तुम्हें नमन

तुम भारतवर्ष के जीवन धन

शौर्य तुम्हारा अमर रहे 

नाम स्मृति में सदा रहे

नायक हो सरताज बनों

तुम भारत का ताज बनों 

अमर शहीद तुम्हें नमन 

गौरवशाली इतिहास तुम्हें नमन।

-----------------------------------------------------------------

🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳

🇮🇳वीरता और विवेक - 

कारगिल विजय दिवस भारत में हर साल 26 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिन 1999 में कारगिल युद्ध में भारत की विजय को दर्शाता है। इस दिन भारतीय सेना के उन वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी जाती है जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।

🪖 कारगिल विजय दिवस -

कारगिल युद्ध मई 1999 से जुलाई 1999 तक चला था।

पाकिस्तान की सेना और घुसपैठियों ने भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर कुछ प्रमुख चोटियों पर कब्जा कर लिया था।

भारतीय सेना ने "ऑपरेशन विजय" चलाया और भारी संघर्ष के बाद 26 जुलाई 1999 को उन सभी इलाकों को पुनः प्राप्त कर लिया। इस संघर्ष में 500 से अधिक भारतीय सैनिक शहीद हुए।

🇮🇳 26 जुलाई का दिन -

शौर्य, पराक्रम और देशभक्ति की प्रतीक यह विजय भारत की सैन्य क्षमता और हौसले को दर्शाती है।

सैनिकों के बलिदान और समर्पण की याद दिलाता है।

स्कूल, कॉलेज, सेना कार्यालयों और शहीद स्मारकों पर झंडारोहण, भाषण, श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

🇮🇳 कारगिल युद्ध की महत्वपूर्ण बातें जो सभी देशवासियों को याद रहनी चाहिये -


1. युद्ध की अवधि -

कारगिल युद्ध मई 1999 से जुलाई 1999 तक चला।

यह युद्ध 26 जुलाई 1999 को भारत की विजय के साथ समाप्त हुआ। इसी दिन को "कारगिल विजय दिवस" के रूप में मनाया जाता है।

2. युद्ध का कारण -

पाकिस्तान के सैनिकों और आतंकवादियों ने भारतीय सीमा के अंदर कारगिल क्षेत्र में घुसपैठ की थी।

उनका उद्देश्य था श्रीनगर-लेह राजमार्ग (NH1) को काटना और जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाना।

3. ऑपरेशन विजय -

भारतीय सेना ने “ऑपरेशन विजय” शुरू किया, जिसके अंतर्गत भारतीय क्षेत्र को फिर से अपने नियंत्रण में लिया गया।

यह भारत की सैन्य सफलता और शौर्य का प्रतीक बन गया।

4. भौगोलिक और प्राकृतिक कठिनाइयाँ -

यह युद्ध 16,000 से 18,000 फीट की ऊँचाई पर लड़ा गया।

कठोरतम मौसम, बर्फ और ऊँचाई के कारण यह युद्ध बेहद चुनौतीपूर्ण था।

5. बलिदान और क्षति - 

भारत के 527 से अधिक सैनिक शहीद हुए और लगभग 1300 घायल हुए।

पाकिस्तान की भी भारी हानि हुई, जिसे उसने आधिकारिक रूप से स्वीकार नहीं किया।

6. अंतरराष्ट्रीय समर्थन -

इस युद्ध में भारत को अंतरराष्ट्रीय समुदाय का समर्थन मिला, खासकर अमेरिका, फ्रांस और अन्य शक्तियों का।

पाकिस्तान को युद्ध विराम के लिए वैश्विक दबाव झेलना पड़ा।

7. ऑपरेशन सफ़ेद सागर -

भारतीय वायुसेना ने "ऑपरेशन सफ़ेद सागर" के तहत अहम भूमिका निभाई।

मिराज-2000 जैसे विमान दुश्मन की चौकियों पर हमला करने में उपयोग किए गए, लेकिन एलओसी पार नहीं की गई।

8. कैप्टन विक्रम बत्रा (परमवीर चक्र) -

"ये दिल माँगे मोर !" कैप्टन विक्रम बत्रा का जोश था यह स्लोगन। युद्ध के सबसे बहादुर योद्धाओं में से एक थे। उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

9. कारगिल युद्ध (1999) में 4 भारतीय सैनिकों को परमवीर चक्र, भारत का सर्वोच्च सैन्य सम्मान से सम्मानित किया गया। ये अमर और वीर सैनिक क्रमशः हैं -

1. कैप्टन विक्रम बत्रा (मरणोपरांत) – 13 जम्मू और कश्मीर राइफल्स

2. राइफलमैन संजय कुमार – 13 जम्मू और कश्मीर राइफल्स

3. ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव – 18 ग्रेनेडियर्स

4. लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पांडेय (मरणोपरांत) – 1/11 गोरखा राइफल्स

उपर्युक्त सभी ने अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान दिया। इनमें से दो सैनिकों को यह सम्मान मरणोपरांत मिला।

10. युद्ध का परिणाम - 

भारत ने लगभग सभी कब्ज़ा की गई चोटियों को पुनः प्राप्त किया।

यह युद्ध भारतीय सेना की शक्ति और संकल्प, शौर्य और पराक्रम का वैश्विक आधार बना।

11. युद्ध की विरासत - 

यह युद्ध भारत की सैन्य क्षमता, एकता और देशभक्ति का प्रतीक बन गया।

हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है।

🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳

वंदे मातरम् - जय हिन्द - जय भारत 

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी 

मंगलवार, 8 जुलाई 2025

महात्मा गांँधी : साहित्य, समाज के मध्य शस्त्र-शास्त्र की भूमिका © डॉ. चंद्रकांत तिवारी

 

महात्मा गांँधी : साहित्य, समाज के मध्य शस्त्र-शास्त्र की भूमिका 

डॉ. चंद्रकांत तिवारी 


"शस्त्र शास्त्र से बढ़कर है या

शास्त्र शस्त्र से बढ़कर 

द्वंद्व सही है तब जब योद्धा 

अश्व शक्ति पर चढ़कर 

विजित लक्ष्य हासिल करता 

सम्मान राष्ट्र का शेष समर 

हो जाता फिर द्वंद्व अमर ।"


स्वरचित पंक्तियां किस बात की ओर इशारा करती हैं यह हमें समझना है। शस्त्र मानवता की रक्षा और शास्त्र मानवता के कल्याण हेतु आवश्यक है। व्यक्ति शास्त्र विद्या में निपुण है तब तक शस्त्र की क्या आवश्यकता भला । जीवन में शास्त्र शक्ति ही श्रेष्ठ वर्चस्व को स्थापित करने वाली होती है। हालांकि मानवता की रक्षा और सुरक्षा के लिए शस्त्र और शास्त्र दोनों का ही समन्वित समायोजन आवश्यक है। जीवन में हिंसा का कोई स्थान नहीं परंतु हिंसा फिर भी करनी पड़ती है। धर्म की रक्षा और मर्यादा की सुरक्षा के लिए हिंदू महाकाव्य रामायण और महाभारत दोनों का महत्वपूर्ण स्थान है। महाभारत और रामायण दोनों ही धर्म की स्थापना और साम्राज्य स्थापना के प्रबल प्रमाण है। हालांकि आधुनिक जगत शास्त्र विद्या को प्राथमिकता देता है। शस्त्र मानवता की वंशावलियों का विनाश करने वाले हैं। अश्वत्थामा का ब्रह्मास्त्र इसका प्रमाण है। ब्रह्म विद्या मानवता का कल्याण करे ना की समग्र विनाश। वैश्विक जगत बड़े विकट समस्याओं से जूझ रहा है। इजरायल ईरान इसके प्रमाण है। भारत पाकिस्तान सर्जिकल स्ट्राइक और आतंकी हमले शांति और गौतम बुद्ध की परंपरा का देश कब तक शांत बैठेगा ? देश की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। हिंसा किसको अच्छी लगती है । परंतु मर्यादा की स्थापना के लिए राक्षसों का वध करने के लिए हिंसा भी करना पड़ती है । जानवर को मारने के लिए जानवर बनना पड़ता है। साधारण और सरल भोले वाले गांँव के ग्रामीण को कूटनीतिक नेता बनना पड़ता है। योगी, महंतों , संतों और बाबाओं को देश चलाने के लिए, नेतृत्व देने के लिए आगे आना पड़ता है।


प्रिय सहृदय पाठकों मेरे अभिन्न मित्रों यह ध्यान रहे हमेशा कि अणुबम, हथियार अत्याधुनिक मिसाइलें मानवता की समाधि को निर्मित करने वाले हैं। भारत सामाजिक सद्भाव और मानवतावादी विचारधारा को लेकर चलने वाला देश है। हथियार देश की सुरक्षा और वैश्विक जगत के समक्ष भारतीय वर्चस्व को स्थापित करने के लिए निर्मित करना भी आवश्यक है। देश की प्रगति हथियारों से नहीं बल्कि बौद्धिक व्यक्तियों और व्यक्तित्व से होती है , साथ ही कुशल नेतृत्व से वैश्विक संदर्भ में विदेश नीतियां, कूटनीतियां स्थापित की जाती हैं । सत्य और अहिंसा हमेशा ही ईश्वरी शक्ति के रूप में मानवता की रक्षा करते हैं। भारतीय संस्कृति ज्ञान और परंपरा, चिंतन परंपरा को वैश्विक स्तर पर स्थापित करते हैं। गांधीजी इसी बात के प्रबल समर्थक थे। भारतीय जनमानस को यही बात वह अपने पूरे जीवन काल में समझाते रहे कि सत्य और अहिंसा का महत्व सर्वोपरि है। हालांकि कुछ अपवाद हर स्थान पर दिखते हैं। हर कोई व्यक्ति पूर्ण शत प्रतिशत सही नहीं होता । कुछ कमियां हर व्यक्ति में होती हैं । निर्णय लेने में और निर्णय देने में । फिर भी समग्र अवलोकन किया जाए तो गांधी जी हितकर ही होंगे ऐसा माना जा सकता है। जब हम गांधी जी की प्रशंसा करते हैं तो उनके समकालीन अन्य लोक नेताओं को भुलाया नहीं जा सकता। देश की आजादी और सामाजिक सद्भाव के लिए राष्ट्रीय आंदोलन के प्रत्येक कार्यकर्ता का अपना महत्वपूर्ण और अविष्करणीय योगदान है।


महात्मा गांँधी साहित्यिक दृष्टिकोण -

 गांँधी की साहित्यिक विचारधारा का मूल आधार सत्य, अहिंसा, आत्मशुद्धि, नैतिकता और मानवता रहा है। महात्मा गांँधी ना केवल एक राजनीतिक और आध्यात्मिक विचारक और नेता थे, बल्कि उनकी सोच और विचारों और दर्शन ने भारतीय साहित्यकारों और साहित्य को भी गहरे स्तर पर प्रभावित किया। गांँधी जी साहित्यिक कार्यक्रमों, सहृदयों और साहित्यकारों को नई दृष्टि और नये समसामयिक दृष्टिकोण से जोड़ते भी हैं। साथ ही युगबोध से प्रेरित और सामाजिक एकीकरण, समरूपता से समन्वित होकर स्वयं भी लेखन कार्य किया है और अनेक लेखकों को प्रेरित किया।

1. गांँधी जी का साहित्यिक योगदान

गांँधी जी का प्रमुख साहित्यिक योगदान उनके लेख, पत्र, आत्मकथा और भाषण हैं।

उनकी प्रसिद्ध पुस्तक "सत्य के प्रयोग" (The Story of My Experiments with Truth) एक आत्मकथात्मक कृति है, जो न केवल उनके जीवन की झलक देती है बल्कि उनके विचारों का दर्शन भी कराती है।

उनके संपादित पत्र ‘हरिजन’, ‘नवजीवन’ और ‘यंग इंडिया’ साहित्यिक दृष्टि से अत्यंत मूल्यवान हैं।

2. गांँधी जी की साहित्यिक विचारधारा के प्रमुख तत्व

1- सत्य और अहिंसा का आदर्श – उनके लिए साहित्य एक साधना था, जो व्यक्ति को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करे।

2 - सादा जीवन, उच्च विचार – उन्होंने सरल भाषा और शैली को अपनाया, जिससे आमजन तक विचार सरलता से पहुँच सकें।

3- रचनात्मक साहित्य का आग्रह – वे मानते थे कि साहित्य समाज का निर्माण करे, उसका विघटन नहीं।

4- नैतिकता और आत्मानुशासन – उनका साहित्य आत्मशुद्धि और आत्मसंयम पर बल देता है।


3. गांँधी जी और समकालीन साहित्यकार

गांधी जी की विचारधारा से प्रेरित होकर कई साहित्यकारों ने साहित्य सृजन किया, जैसे

मुंशी प्रेमचंद – उनके कई उपन्यासों में गांधीवादी विचारों की झलक मिलती है (जैसे "कर्मभूमि")

विनोबा भावे, जैनेन्द्र कुमार, राममनोहर लोहिया, कन्हैयालाल माणिक लाल मुंशी आदि पर भी गांधी का प्रभाव देखा जा सकता है।

4. गांँधी विचारधारा और हिंदी साहित्य

गांँधी जी ने हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में महत्व दिया और हिंदी लेखन को प्रोत्साहित किया। हिंदी साहित्य में गांँधीवादी साहित्य एक अलग धारा के रूप में विकसित हुआ जिसमें रचनाकारों ने समाज सुधार, अस्पृश्यता निवारण, स्त्री सम्मान, ग्रामीण उत्थान जैसे विषयों को उठाया।

निष्कर्षत: महात्मा गांँधी की साहित्यिक विचारधारा केवल लेखन में नहीं, बल्कि उनके जीवन में भी अभिव्यक्त होती है। उनका साहित्यिक दृष्टिकोण मानवतावादी है जो सत्य, नैतिकता और सेवा पर आधारित है। उन्होंने यह सिद्ध किया कि साहित्य केवल मनोरंजन या अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का सशक्त साधन हो सकता है।


महात्मा गांँधी और समाजवादी दृष्टिकोण -

महात्मा गांँधी की सामाजिक दृष्टि 'सर्वोदय' पर आधारित थी, अर्थात् सबका कल्याण और उत्थान। गांँधी जी ने अस्पृश्यता को अधर्म और अमानवीय बताया। गांँधी जी का सामाजिक दृष्टिकोण सत्य और अहिंसा पर केंद्रित है ।

शिक्षा-दृष्टि में सामाजिक सद्भावना, सेवा, श्रम, नैतिक शिक्षा , हस्तकला शिक्षा , नई तालीम को प्राथमिकता दी। महिलाओं को राष्ट्रसेवा और समाजसेवा से जोड़ने के लिए ग्राम स्वराज का संकल्प संदेश स्थापित किया। हर गाँव और हर ग्रामीण आत्म-निर्भर हो ऐसी व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना समाजिक धर्म समझा और लोक को समझाया।

निम्नलिखित विविध दृष्टिकोणों से समाजवादी विचारधारा को रेखांकित किया जा सकता है।


1. अस्पृश्यता निवारण और सामाजिक समानता 

2. सत्य और अहिंसा का समन्वित सिद्धांत

3. नारी जीवन सशक्तिकरण पर केंद्रित 

4. स्वदेशी और ग्राम स्वराज का सिद्धांत 

5. शिक्षा धर्म नैतिकतापूर्ण और सेवाकर्म 

6. धर्म और सहिष्णुतावादी दृष्टिकोण 

7. धार्मिक सहिष्णुता, भाई-चारा और सांप्रदायिक सौहार्द

8. सामाजिक समरसता और शांति की स्थापना 

 

कोशिश, प्रयास, संघर्ष और सकारात्मक दृष्टिकोण जीवन के साहित्यिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और शास्त्र - शास्त्र की भूमिका को रेखांकित करते हुए मानव जीवन के लिए व्यापक फलक प्रदान करते हैं। मनुष्य को सकारात्मक दृष्टि से संघर्ष और प्रयास करते रहना चाहिए। 

"रात कितनी भी अंधेरी क्यों ना हो 

सुबह होना तो तय है 

सफ़र पूरा करना ही होगा हमको 

बेख़ौफ़ आंँखों में फिर किस बात का भय है।


एक घेरे में हम सभी टकराएंगे 

आज के छोटे बच्चे कल को देश चलाएंगे

आज के युवा कल को बूढ़े हो जाएंगे 

अधेड़ और बुजुर्ग दोनों कहांँ मिल पाएंगे 

कुछ सुबह को जाएंगे कुछ रात को जाएंगे

अपने-अपने समय से आएंगे और जाएंगे 

सफ़र पूरा करना ही होगा सबको अकारण भय है 

रात कितनी भी अंधेरी क्यों ना हो 

सुबह होना तो तय है ।"


स्वरचित कविता के साथ पुनः मिलूंगा !! आपके लिए इस आशा से, परंतु वचन दें कि आप विचारियेगा इस आलेख को ! कविता की पक्तियों को...

© डॉ. चंद्रकांत तिवारी 


रविवार, 15 जून 2025

आज पितृ दिवस, फादर्स डे है 15 जून ©डॉ. चंद्रकांत तिवारी

 *छात्र-छात्राओं के लिए आज विशेष रूप से महत्वपूर्ण पल---*

👆👆

*आज पितृ दिवस,  फादर्स डे है 15 जून* 


उस पिता को नमन/ सादर अभिवादन जिसने हमारी पढ़ाई लिखाई में मेहनत परिश्रम करके हमें रूपए पैसे दिए हैं।


उस पिता को नमन /सादर अभिवादन  जिसने फटे पुराने कपड़े पहन कर हमें अच्छे कपड़े और स्कूल, कॉलेज की ड्रेस उपलब्ध कराई है।


वह पिताजी शाम को दिन भर की थकान के बाद घर आता है कुछ ना कुछ अपने बच्चों के लिए हमेशा लेकर आता है ऐसे पिता को सादर अभिवादन 


ऐसे पिता को सादर अभिवादन जो बच्चों के  रात्रि खाने के बाद उनके कल के लिए स्कूल टिफिन भी तैयार करता है।


ऐसा पिता जो अपनी शिकायतों को अपने हृदय में ही रखता है और चुपचाप अपने गृहस्थ जीवन को बनाए रखना है। ऐसे पिता को सादर अभिवादन।


अपने बच्चों की हर जरूरत को पूरा करता है, चाहे उधार लेकर ही क्यों ना करें ! परंतु बच्चों की आंँखों की चमक को कभी कम नहीं होने देता..! ऐसे पिता के लिए जीवन का अंतिम सत्य है सुखी गृहस्थ जीवन को बनाए रखना।  ऐसे पिता को सादर अभिवादन।


ऐसे पिता को भी सादर अभिवादन जिसने मांँ के कर्तव्यों का निर्वहन पिता बनाकर आजीवन किया है।


उस माता-पिता को नमन / सादर अभिवादन जिसने कष्ट सहकर हमें हमारी पढ़ाई में दिन-रात जागकर जीवन भर परिश्रम किया है। उस पिता को नमन / सादर अभिवादन 


जिसने राष्ट्र पर मरना और राष्ट्र के लिए ही जीना सिखाया! 


हमें अपने माता-पिता पर गर्व करना चाहिए और आजीवन उनको अपने हृदय और मन से कभी भी दूर नहीं करना है। माता पिता धरती पर साक्षात ईश्वर हैं।


आज पितृ दिवस है वैसे तो माता-पिता के लिए सारी जिंदगी है। कोई एक दिन क्या भला.!  हम तो उनके ही अंश हैं फिर भी उनका स्मरण और साथ हमेशा रहे। 


अपने माता-पिता को हमेशा सहारा दें। पिता की खामोशी घर की मजबूती का आधार है । आप अपने पिता और माता के मजबूत आधार एवं स्तंभ बनें।

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी

🙏🙏🙏

मंगलवार, 20 मई 2025

सहृदय कवि की काव्य यात्रा -©डॉ. चंद्रकांत तिवारी- उत्तराखंड प्रांत

 

सहृदय कवि की काव्य यात्रा -

कविवर श्री सुमित्रानंदन पंत 

*'कविता लिखने की पहली शर्त कवि-सहृदय होना है'!*

*मेरा प्रिय कवि- जिसकी सांसों में प्रकृति और संस्कृति के हजार बिंब उभरे हैं। नदी , झरनें, पोखर, तालाब, फ़ूल, पत्ते, वृक्ष, लताएं एवं प्राकृतिक गतिविधियों की विविध भंगिमाओं एवं नाना प्रकार से सहेजने का भाव साधारण व्यक्ति को भी प्रकृति से जोड़ता है। प्रकृति पुरुष और माँ दोनों रूपों में कवि की सूक्ष्म कल्पना को, जीव-जगत की रहस्यमयी धुंध की ओर नया प्रवेश कराती है। कविता लिखना सहृदय होना है। सहृदय वही होगा जो अपने आस-पास के परिवेश से सृजनात्मकता, सरलता और सहृदयता से जुड़ा हुआ होगा। कविता कवि हृदय से सहृदय तक की भावात्मक अभिव्यक्ति की अनूभूति का साधारणीकृत आधार है। अर्थात साधारणीकरण। एक की अनूभूति सबकी अभिव्यक्ति, सबकी अभिव्यक्ति एक की अनूभूति। अर्थात भावनात्मक स्पर्श और कवि मन की कल्पना, रहस्य और यथार्थ।


------* ऐसे प्रिय प्रकृति के चितेरे कविवर श्री सुमित्रानंदन पंत - प्रकृति के सुकुमार कवि को उनके *जन्मदिन 20 मई पर याद करते हुए.. स्मृति शेष......*


©डॉ. चंद्रकांत तिवारी- उत्तराखंड प्रांत 

'कविता लिखने की पहली शर्त कवि का सहृदय होना है' एक ऐसा कवि जो युग दृष्टा और युग सृष्टा हो। जिसकी कविताओं में जीवन की सच्ची तस्वीर उभरती हो। जिसके अक्षर परस्पर अपने समकक्ष शब्दों से बातें करते हों और एक पूर्ण सार्थक काव्यमय पंक्ति का निर्माण करते हुए सार्थक ध्वनि संकेतों को भी प्रकट करते हों। कुल मिलाकर कह सकते हैं कि ऐसे कवि की रचना में जीवन का संगीत रस घोलता है और शब्द चित्रों के रेखाचित्र चित्रकाव्य का सृजन कर रहे होते हैं।


'कविता लिखने की पहली शर्त कवि सहृदय होना है' यह उतना ही सार्थक और प्रासंगिक है जितना कवि होने के लिए सहृदय होना। जीवन के यथार्थ दृश्यों को हम किस रूप में देखते हैं, किस रूप में महसूस करते हैं, महसूस करने के बाद क्या हम उन साक्षात दृश्यों/वस्तुओं से अपनेपन का लगाव रख पाते हैं? ऐसा लगाव जो हमें बार-बार अपनी ओर आकर्षित करता हो। हमारे मन की रिक्तता को पूर्ण करता हो। हमारे जीवन के अवकाश को इंद्रधनुषी रंगों से भर देता हो। हमारी विषम और कठिन बनती जा रही जीवनशैली को सरल और सहज बना देता हो। हमारी कम पड़ती श्वांसों के मध्य रक्त का संचार करता हुआ जीवन की लालिमा के नए दृश्यों को उभरता हो। यह संभव है कि हम अंतिम स्पंदन तक स्वयं से ही संघर्ष कर रहे होते हैं परंतु जो प्रकृति हमने अपने लिए निर्मित की है वह एक ऐसी दुनिया है जो दो सगे-संबंधियों के अकेलेपन से भरी हुई है। जैसे जीवन का संगीत रिक्त हो गया है जीवन की तलाश में भटकता हुआ कवि हृदय शून्य की परिधि पर घूम रहा हो। स्वयं के प्रश्नों में ही उत्तर को तलाश कर रहा हो। कवि हृदय कई सौ हृदयों का समुच्चय है। उसकी अभिव्यंजना और अभिव्यक्ति से पहले उसकी देखने की शक्ति स्पर्श और गंध के अनुभवों का साक्षात् बिंम होती है। हवाओं में तैरता हुआ संगीत कवि की सांसों में घुलमिल कर साकार हो जाता है। यह सब एकांत की वीणा से निकला हुआ नादमय संगीत है। जीवन का वास्तविक जयघोष है। यही पर्वतीय जनमानस की लोक संस्कृति का उत्थान मंच है। यही मानवता की जन्मभूमि की विकास यात्रा का अंतिम और प्रारंभिक प्रस्थान बिंदु है। 


अपार रज किरणों को समेटे जीवन की हरियाली और नैसर्गिक सुंदरता की अभीष्ट वन-संपदाओं को लुटाता हुआ यौवन का संगीत प्रकृति के इस अभूतपूर्व क्षणों का अनुकरण करता हुआ, कलम के उतार-चढ़ाव से यथार्थ के अनुभवों को शब्दबद्ध करता हुआ, काव्य के चित्रों को साकार करता है। यह कोई साधारण नहीं असाधारण कवि हृदय ही हो सकता है। ऐसा कभी हृदय जिसके सामने कविता नतमस्तक होकर पूर्ण विनम्रता से आग्रहपूर्वक उसकी कलम की नोंक पर बार-बार स्याही संग भीगती-उतरती और श्वेत पत्रों की सैय्या पर किसी शिल्पी की वास्तुकला को जीवंत कर जाती है। ऐसा कभी हृदय प्रकृति में बीज रूप होता है जहां उसकी दृष्टि पड़ती है वही स्थान नव-अंकुरण से पल्लवित और पुष्पित हो उठता है।


हांँ 'कविता लिखने के लिए कवि हृदय का सहृदय होना पहली शर्त है'। ऐसा कभी हृदय जो प्रकृति के साथ तादात्म्य स्थापित कर ले। 


कवि श्री सुमित्रानंदन पंत प्रकृति की गोद में पले-बढ़े और प्रकृति ही जिनकी जीवन भर साहचरी बनी रही। इसकी नैसर्गिक सुंदरता के समक्ष अन्य कोई सुंदरता उन्हें कभी आकर्षित न कर पाई। ऐसा कवि हृदय उत्तराखंड राज्य के कौसानी नामक स्थान में जन्मा । हिंदी साहित्य और संपूर्ण साहित्य प्रेमी इस बात से हमेशा ही गौरवान्वित महसूस करते हैं कि आधुनिक हिंदी कविता के क्षेत्र में छायावादी युग के सशक्त कवि श्री सुमित्रानंदन पंत जी प्रकृति के सुकुमार कवि होते हुए साहित्य की विभिन्न धाराओं के साथ क्रमिक विकास लिए हुए बढ़ते रहे। इन्होंने अपना संपूर्ण जीवन प्रकृति की रहस्यमई दुनिया को खोजने में व्यतीत किया। अपने समकक्ष छायावादी कवियों में प्रसाद, निराला, महादेवी वर्मा के बीच कविवर पंत जी सब के चितेरे बने रहे और उस दौर के अन्य साहित्यकारों के बीच भी अपनी लोकप्रियता बनाए रखने में हमेशा ही सक्रिय बने रहे।


कविवर पंत की कई रचनाएं समय-समय पर प्रकाशित होती रही। परंतु उनकी छायावादी रचनाओं में प्रकृति के साथ जो अपनापन या अपना होने का भाव दिखता है वह एक पर्वतीय अंचल के नवयुवक को इस नैसर्गिक सुंदरता के प्रति आकर्षित करता है। साथ ही पर्यावरण प्रेमी के रूप में भी मुखरित करता है। 


सच्चे अर्थों में कविवर पंत जी पर्यावरण के प्रति कहीं अधिक भावुक व्यक्ति थे। उनका यह नजरिया ही उन्हें प्रकृति के और नजदीक ले गया। उनकी कविताओं का केंद्र भी प्रकृति ही बनी रही। कह सकते हैं कि कविवर पंत जी ने उस असीम सत्ता की तलाश प्रकृति के रहस्यों में खोजने की कोशिश की। कविवर पंत जी का ईश्वर प्रकृति में ही कहीं बसता है। कभी वह प्रथम रश्मि की किरणों के रूप में विचरण करता है, तो कभी मौन निमंत्रण-सा देता हुआ अंजाना-सा मोह पैदा करता हुआ प्रकृति के ताल-तलैयों में नौका-विहार करता है। पंत जी की प्रकृति परिवर्तन की अपार संभावनाओं का केंद्र बिंदु रही है। परंतु उसका स्रोत एक ही है। निस्संदेह परिवर्तन एक क्रमिक विकास है। काव्य की यात्रा के संदर्भ में भी, कवि की यात्रा के संदर्भ में भी, कविता की यात्रा के संदर्भ में भी और मानवता की विकास यात्रा के संदर्भ में भी। इन सभी उपर्युक्त बिंदुओं को कविवर पंत जी ने परिवर्तन कविता में वाणी दी है।


कविवर पंत जी के जन्मदिन को हमें पर्यावरण संरक्षण के रूप में मनाना चाहिए। विश्वविद्यालय स्तर पर, महाविद्यालय स्तर पर और विद्यालय स्तर पर हमें इस दिन अधिक से अधिक वृक्षारोपण करके प्रायोगिक शिक्षण के रूप को साकार करना चाहिए। आज वर्तमान संदर्भों में वृक्षों का कितना महत्व है, यह इस महामारी के बीच हम सबका ध्यान आकर्षित करता है।


जीवन प्रकृति से है। हमें इस बात का ध्यान रखना होगा। हमें प्रकृति को अपने मन के भीतर सहेजने का प्रयास करना चाहिए। अगर प्रकृति हरी-भरी रहेगी तो जीवन खुशहाल रहेगा। प्रकृति के रंग जीवन के रंगों से मिलकर आनंद की विकास यात्रा में सहायक होंगे। हमें पर्यटक बनने से पहले प्रकृति प्रेमी बनना होगा। हमें प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखने के लिए मिशन के रूप में कार्य करना होगा। तभी हम कविवर श्री सुमित्रानंदन पंत जी को सच्चे अर्थों में नमन कर पायेंगे। सच्चे अर्थों में अपनी स्मृति में बसाए रख पायेंगे।

सोमवार, 19 मई 2025

अध्यात्म और अध्ययन - ©डॉ. चंद्रकांत तिवारी

 *अध्यात्म और अध्ययन* 

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी 

------------------------------------------------

आकाशे मुखि औंधा कुवाँ, 

पाताले पनिहारी । 

ताका पानी कौउ हँसा पीवै, 

विरला आदि विचारी ।। 


------------------------------------------------

निर्गुणियांँ कबीर साहब की उलटबांसी आध्यात्मिक सत्य ज्ञान का अजस्र स्रोत है।

प्रयोगधर्मी अज्ञेय की असाध्यवीणा के झंकार की तरह भीतर से बाहर की प्रकृति एवं ऊर्जा से तादात्म्य स्थापित करना, मधुमति भूमिका में योगी की आध्यात्मिक महामाया, भक्तिमय शक्ति से स्वयं को परिशोधित एवं साधने की कला में निपुण आकर्षक चरित्र वाला ही , "आकाश में मुख वाला, उलटा कुआँ, पाताल में पानी भरने वाला।" उक्ति की स्थिति को समझ सकता है। प्रतिभावान कवियों की अनुभूति से मिलने वाला जीवन रस सहृदय पाठक को साधारणीकृत तभी कर पता है जब वह योगी की मधुमती भूमिका से संबंधित होता है। साधारणीकरण नैसर्गिक मूल प्रवृत्ति है। यह भीतर से बाहर की आध्यात्मिक शक्ति ही है। यहांँ आध्यात्मिक शक्ति का बहुत गहरा दृष्टांत है कि "आकाशे मुखि औंधा कुआँ, पाताले पनिहारि" ..!


नोट - जिस प्रकार कक्षा-कक्ष शिक्षण को फ्लिप्ड लर्निंग द्वारा अर्थात पलटकर शिक्षण की पद्धति में नवीनतम अनुप्रयोग स्थापित कर सीखने में मदद एवं सुधार होता है ठीक उसी तरह हमें अपनी सोच को उलटना होगा, अपने भीतर की ओर ध्यान केंद्रित करना होगा और बाहरी दुनिया की मोह, माया, लोभ, स्वार्थ से दूर रहना होगा। कठिन तो है यह सब पर नामुमकिन नहीं। यह भावबोध से आध्यात्मबोध की यात्रा है। इतनी भी सरल नहीं।


मंगलमय जीवन पथ🙏🕉️

©डॉ. चंद्रकांत तिवारी 

गुरुवार, 24 अप्रैल 2025

सत्संग और लोकजीवन - ©डॉ.चंद्रकांत तिवारी

 -: सत्संग और लोकजीवन :-

©डॉ.चंद्रकांत तिवारी 


बिनु सत्संग विवेक न होई

राम कृपा बिनु सुलभ न सोई।

सतसंगत मुद मंगल मूला

सोई फल सिधि सब साधन फूला।


सूक्ति सागर श्रीरामचरितमानस की यह चौपाई बताती है कि सत्संग के बिना विवेक नहीं प्राप्त हो सकता है, और भगवान राम की कृपा के बिना सत्संग की प्राप्ति भी नहीं हो सकती है। अर्थात श्रीराम जी की कृपा के बिना सत्संग सहज में मिलता भी नहीं है।


सत्संग ठीक वैसा ही है कि जैसे जो मंगल और सुख की जड़ है और सभी साधनों की सफलता का फल है। वह सब सत्संग का फल है। यह चौपाई सत्संग के महत्व को दर्शाती है। जो जीवन का मूलाधार है।


जीवन में सदगुरु का मिलना, सच्चे मित्र, मार्गदर्शन देने वाले पथ-प्रदर्शक, ईमानदार चरित्र माता-पिता सभी बालक रूपी मिट्टी को आकार और साकार बनाते हैं।

सत्संग की पहली गति यही है। क्योंकि 

   सत्संग के बिना ना विवेक मिलता है और ना ही विवेक का फल। सभी का मूलाधार चक्र श्री राम की भक्ति में ही संभव है।