चश्मे के उस पार
©डॉ. चंद्रकांत तिवारी
ये चेहरे जो कुर्सियों पर बैठकर मुस्कुराते हैं,
क्या कभी धूप में झुलसते चेहरों तक भी जाते हैं?
बंद कमरों में बैठकर विकास के नक्शे बनाते हैं,
गाँव की टूटी पगडंडियों को जाने क्यों भूल जाते हैं?
किसी की झोपड़ी बारिश में रातभर रोती है,
किसी की फाइलों में खुशहाली की फसल होती है।
वहाँ प्यास रास्तों से मीलों का हिसाब माँगती है,
यहाँ हर मेज पर पानी की बोतल मुस्कुराती है।
जिन पहाड़ों ने देश को अपनी जवानी दी है,
उनकी गोद आज पलायन की कहानी बनी है।
घरों में ताले हैं, आँगनों में सन्नाटा पलता है,
गाँव पीछे छूट जाता है, शहर रोज़ बड़ा होता है।
वहाँ धूप की फड़फड़ाहट में उम्र पिघल जाती है,
यहाँ वातानुकूलित हवा में नीति बदल जाती है।
आँखें सलामत हैं, फिर भी चश्मे बिकते हैं,
सच सामने खड़ा है, मगर फैसले कहीं और लिखते हैं।
कुर्सियों को सलाम है, मगर इतना तो बताइए,
कभी उन दूर बसे गाँवों की धूल भी खाइए।
देश केवल नक्शों और नारों से नहीं बनता,
आखिरी आदमी के चेहरे पर मुस्कान से बनता है।
नज़र का चश्मा बदलिए, नज़ारा बदल जाएगा,
जिस दिन गाँव दिखने लगेगा, देश सँवर जाएगा।
सटीक
जवाब देंहटाएं